बाड़मेर

बाजार में चंग की थाप व फाल्गुनी गीतों की धूम

- होली आज, शहर व क्षेत्र में धूमधाम से मनाएंगे
2 min read
Mar 01, 2018
Chung's beat, phalguni song,shouting in market
Chung's beat And phalguni song shouting in market

बालोतरा.नगर सहित क्षेत्र में गुरुवार को हंसी-खुशी व मस्ती का पर्व होली धूमधाम से मनाया जाएगा। इसे लेकर बाहर कमाने गए युवा घर लौट रहे हैं, इसके चलते खुशी और बढ़ गई है। होली को लेकर बुधवार को आमजन ने खरीदारी की। इससे पूरे दिन बाजार गुलजार रहे। वहीं, गांवों में चंग की थाप के बीच फाल्गुनी गीतों की धूम से लगने लगा है कि होली आ गई है।

बुधवार को शहर व क्षेत्र में रौनक व उत्साह देखने को नजर आया। धूमधाम से पर्व मनाने को लेकर हरेक ने इस दिन किराणा सामग्री, मिठाइयों, कपड़ों व रंगों की जमकर खरीदारी की। इस पर इन दुकानों पर पूरे दिन सर्वाधिक भीड़ देखने को नजर आई। इस दिन विशेषकर मिठाइयों व रंगों की बिक्री हुई। स्कूल से घर लौटे बच्चे अभिभावकों के साथ बाजार पहुंचे। उन्होंने रंग, गुलाल, मुखौटे, गुब्बारा, बांसुरी आदि की खरीदारी की। बुधवार को विद्यालयों में बच्चों ने एक-दूसरे के साथ जमकर होली खेली। इससे विद्यालयोंं के परिसर रंगों से सरोबार नजर आए।

आज होगा होलिका दहन- गुरुवार को शहर व क्षेत्र में शुभ मुहूर्त में विधि-विधान से होली का दहन किया जाएगा। इसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। होली दहन बाद नवजात बच्चों के दीघार्यु की कामना को लेकर होलिका के फेरे लगाए जाएंगे। इसके बाद गेरिये घरों में जाकर उन्हें ढूंढ़ेंगे। शुक्रवार को छोटे-बड़े सभी जने आपस में पानी व रंग से होली खेलेंगे। दोपहर बाद नहा धोकर, नए कपड़े पहन परिवार के बड़े बुजुर्गों के चरण स्पर्श कर उनसे आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। शाम को गेर नृत्य करेंगे। इस दिन गांवों में जगह-जगह आम चौहटों पर गेर नृत्य का आयोजन होगा।
सात दिन तक गेर नृत्य का आयोजन- होली के दूसरे दिन से अगले सात दिन तक गांव-गांव गेर नृत्य का आयोजन होगा। इस आयोजन में शामिल होने देश के विभिन्न राज्यों में कमाने गए युवा भी लौट रहे हैं। इसके चलते रेलगाडि़यों व बसों में भीड़ नजर आ रही है।

सिवाना.कस्बे व क्षेत्र में गुरुवार को होली पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। शाम को कस्बे के प्राचीन दुर्ग पर विधिवत रूप से होली का दहन किया जाएगा। इसके बाद कस्बे के विभिन्न मोहल्लों, चौराहों पर होली दहन का दहन किया जाएगा। इसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। अगले दिन सभी आपस में रंगों से होली खेलेंगे।

Published on:
01 Mar 2018 09:33 am
Also Read
View All