बाड़मेर. पंचायतीराज चुनाव में राजनीतिक दलों के बीच जीत-हार और वोटों की खींचतान के बीच मतदाताओं ने नोटा का विकल्प भी बड़ी संख्या में चुना। चुनाव मैदान में उतरे किसी भी प्रत्याशी को पसंद नहीं करने वाले मतदाताओं ने ईवीएम में नोटा का बटन दबाकर अपनी असहमति दर्ज कराई। जिले में पंचायत समिति और जिला परिषद चुनाव के आंकड़ों की तुलना करें तो जिला परिषद चुनाव में नोटा के प्रति मतदाताओं का रुझान बढ़ा है। पंचायत समिति चुनाव में जहां 8729 मतदाताओं ने नोटा चुना, वहीं जिला परिषद चुनाव में यह संख्या बढ़कर 12,154 तक पहुंच गई। यानी जिला परिषद चुनाव में 3425 अधिक मतदाताओं ने नोटा का विकल्प चुना। आंकड़ों के लिहाज से पंचायत समिति चुनाव में नोटा को कुल 7,22,085 मतों में से 1.21 प्रतिशत वोट मिले। वहीं जिला परिषद के 7,09,902 मतों में नोटा का हिस्सा 1.71 प्रतिशत रहा।