बाड़मेर

अकाल से बेहाल बाड़मेर-जैसलमेर को CM भजनलाल का बड़ा तोहफा: 31 दिसंबर तक मुफ्त मिलेगा पानी, कलेक्टरों को मिले पावर

बाड़मेर के बाछड़ाऊ में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 2 हजार 824 करोड़ रुपए के 1,013 विकास कार्यों का शिलान्यास-लोकार्पण किया। सभा में उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसने राजस्थान की हालत टूटे-फूटे मकान जैसी कर दी थी। सीएम ने गांवों में खेल मैदान और अटल ज्ञान केंद्र बनाने की बात कही।
2 min read
• •
Sep 30, 2026
cm bhajanlal sharma
जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम भजनलाल शर्मा (पत्रिका फोटो)

CM Bhajanlal Sharma Statement in Barmer: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बुधवार दोपहर करीब 2 बजे बाछड़ाऊ पहुंचे। यहां आयोजित जनसभा में उन्होंने बाड़मेर और जैसलमेर में अकाल की स्थिति को देखते हुए कई राहत घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने दोनों जिलों में टैंकरों के माध्यम से पेयजल आपूर्ति 31 दिसंबर तक जारी रखने का एलान किया। साथ ही अकाल राहत कार्यों के लिए दोनों जिलों के कलेक्टरों को एक-एक करोड़ रुपए तक की स्वीकृति जारी करने का अधिकार देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने पशुधन के लिए चारा डिपो खोलने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि अकाल की स्थिति में आमजन और पशुपालकों को राहत देने के लिए सरकार आवश्यक कदम उठा रही है।

कांग्रेस पर निशाना, बोले- पिछली सरकार ने राजस्थान की हालत खराब कर दी

मुख्यमंत्री ने सभा की शुरुआत वीरों की धरती को नमन करते हुए की। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस की पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके शासन में राजस्थान की हालत टूटे-फूटे मकान जैसी कर दी गई थी। उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर स्वार्थ की राजनीति करने का आरोप लगाया।

पेपर लीक के मुद्दे पर भी मुख्यमंत्री ने पिछली कांग्रेस सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि उस समय प्रदेश के युवा परेशान थे और लगातार पेपर लीक के मामले सामने आते थे। मुख्यमंत्री ने सभा में मौजूद लोगों से पूछा कि अब पेपर लीक होता है क्या? इस पर मौजूद लोगों ने ‘नहीं’ में जवाब दिया।

बोले- राजस्थान अब बिजली लेने वाला नहीं, देने वाला प्रदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हर गांव तक पक्की सड़क पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि राजस्थान अब बिजली लेने वाला नहीं, बल्कि बिजली देने वाला प्रदेश बन चुका है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की कोई भी पंचायत ऐसी नहीं होगी, जहां खेल मैदान न हो। ग्रामीण क्षेत्रों में अटल ज्ञान केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों के माध्यम से गांवों में शिक्षा और ज्ञान से जुड़ी सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा।

सीएम को स्मृति चिन्ह भेंट करते हुए

2824 करोड़ के 1013 विकास कार्यों का शिलान्यास-लोकार्पण

बाछड़ाऊ पहुंचने पर जिला कलेक्टर चिन्मयी गोपाल और पुलिस अधीक्षक चुनाराम जाट ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस दौरान पारंपरिक गैर नृत्य की प्रस्तुति भी दी गई।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान 2824 करोड़ रुपए की लागत वाले 1013 विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इसके अलावा जोधपुर संभाग के आठ जिलों में करीब 2700 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात देने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।

जनसभा में मौजूद लोग
Updated on:
30 Sept 2026 05:45 pm
Published on:
30 Sept 2026 03:46 pm