बाड़मेर

राजस्थान में बाप-बेटे का बड़ा कांड, भारतमाला एक्सप्रेस-वे के किनारे चला रहे थे ड्रग्स फैक्ट्री, बाड़े में छिपाकर रखी सामग्री

Balotra Drug Bust: बालोतरा पुलिस ने भारतमाला एक्सप्रेस-वे किनारे चल रही अवैध ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर बाप-बेटे को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में एमडी बनाने के रसायन, उपकरण और डोडा पोस्त बरामद हुए।
2 min read
Apr 08, 2026
Father-Son Busted Running Drug Factory Along Bharatmala Expressway in Rajasthan MD Chemicals Seized
कुड़ी में कार्रवाई में पुलिस ने जब्त किए रसायन और उपकरण (फोटो- पत्रिका)

Balotra Drugs Factory: बालोतरा जिला पुलिस ने सोमवार रात अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। भारतमाला एक्सप्रेस-वे के किनारे ड्रग्स फैक्ट्री सेटअप का भंडाफोड़ करते हुए भारी मात्रा में रसायन, उपकरण और डोडा पोस्त बरामद कर ड्रग्स माफिआ आरोपी बाप-बेटे को गिरफ्तार किया।

बरामद किए गए एमडी मादक पदार्थ की कीमत कई करोड़ों रुपए की आंकी जा रही है। पुलिस अधीक्षक जिला बालोतरा रमेश कुमार ने बताया कि जिले में मादक पदार्थो की तस्करी की रोकथाम, मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन 'विषभंजन' के तहत जिला पुलिस ने कार्रवाई की।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरफूल सिंह, वृताधिकारी पचपदरा विकास कुमार के निकट सुपरविजन में आरपीएस (प्रशिक्षु) थानाधिकारी पचपदरा शिशपाल सिंह, निरीक्षक नरपतदान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दो अलग-अलग कार्रवाई की। 6 अप्रैल गश्त और जांच के दौरान आरपीएस (प्रशिक्षु) शिशपाल सिंह ने मुखबिर सूचना के आधार पर सरहद कुड़ी में आरोपी ओमप्रकाश और सुभाष के घर पर दबिश दी।

दबिश के दौरान चार किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद कर इन्हें गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ओमप्रकाश ने अपने रहवासी घर के पास बने बाड़े में अवैध एमडी बनाने में प्रयुक्त रसायन व सामग्री के संबंध में जानकारी दी।

उक्त सूचना पर निरीक्षक नरपत सिंह मय पुलिस टीम ने अवैध एमडीएमए निर्माण में प्रयुक्त रसायन, बड़े-बड़े ड्रम्स, जरिकेन, टब, जग, ट्रे, जार, छलनी, प्लास्टिक के पाउच और गैस सिलेंडर सहित अन्य सामग्री जब्त की।

जरूरत अनुसार एमडी तैयार कर बेचते

भारतमाला एक्सप्रेस-वे के किनारे ड्रग्स फैक्ट्री सेटअप चलाने के मामले में गिरफ्तार आरोपी बाप, बेटे हैं। कुड़ी निवासी ओमप्रकाश पुत्र बलवंताराम विश्नोई, उम्र 41 साल पुत्र सुभाष विश्नोई, उम्र 23 साल के साथ मिलकर भारतमाला से गुजरने वाले ट्रक चालकों को डोडा पोस्त बेचते।

वहीं, अन्य लोगों की जरूरत के अनुसार मादक पदार्थ एमडी तैयार कर उन्हें बेचता। कच्चा माल कौन सप्लाई करता, यह कहां से आता, तस्करों का नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है, कारोबार में कितने लोग लिप्त हैं। पुलिस इसे लेकर आरोपियों से पूछताछ और अनुसंधान कर रही है।

बाड़े में रखी सामग्री

आरोपी ओमप्रकाश और सुभाष ने पूछताछ में बताया कि आरोपी सुरेश विश्नोई निवासी कुड़ी की ओर से अवैध एमडीएमए बनाने में प्रयुक्त रसायन व अन्य सामग्री उनके घर के पास बने बाड़े में रखी जाती है। आवश्यकता अनुसार रात्रि के समय उक्त रसायनों से अवैध एमडीएमए तैयार कर तत्काल आगे सप्लाई करते है। इसके बदले सुरेश विश्नोई उन्हें उनके घर पर अवैध एमडीएमए निर्माण एवं सामग्री रखने, सहयोग के लिए मोटी रकम देता है।

इसके अलावा आरोपी ओमप्रकाश और सुभाष ने भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर ट्रक चालकों को अवैध डोडा पोस्त बेचना बताया। पिसा और मूल डोडा पोस्त अपने पास रखना स्वीकार किया। पुलिस ने थाना पचपदरा में प्रकरण दर्ज कर मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क और वित्तपोषण के संबंध में गहनतापूर्वक अग्रिम अनुसंधान प्राप्त किया।

इनकी विशेष रही भूमिका

इस कार्रवाई में निरीक्षक पुलिस भंवर सिंह कल्याणपुर, उप निरीक्षक पचपदरा दुर्गाराम पचपदरा, कांस्टेबल जोगाराम, मांगीलाल, नेमीचंद, जोगेंद्र कुमार, राजकुमार, सीमा कल्याणपुर और कानाराम समदड़ी की विशेष भूमिका रही।

Updated on:
08 Apr 2026 04:15 pm
Published on:
08 Apr 2026 04:15 pm