
नेहरु नगर स्थित छात्रावास में छात्रा की मौत (फोटो- पत्रिका)
Barmer Hostel Death: बाड़मेर शहर के नेहरू नगर स्थित एक निजी गर्ल्स छात्रावास में सोमवार सुबह एक 19 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। छात्रा का शव उसके कमरे में पंखे के हुक से फंदे पर लटका मिला, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। कोतवाली थाना प्रभारी (आरपीएस) मंजू चौहान ने बताया कि नेहरू नगर स्थित छात्रावास में युवती के संदिग्ध हालात में मृत पाए जाने की सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा तोड़ा गया, जहां छात्रा का शव फंदे से लटका हुआ मिला। इसके बाद शव को नीचे उतारकर राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
मृतका की पहचान मनीषा (19) पुत्री ईश्वर सिंह निवासी बायतु के रूप में हुई है। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करवाया गया, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सके।
घटना की सूचना मिलते ही बाड़मेर उपखंड अधिकारी यशार्थ शेखर और वृत्ताधिकारी (डीएसपी) रमेश शर्मा भी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहन जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मृतका छात्रावास में रहकर बीए द्वितीय वर्ष की पढ़ाई के साथ बीएसटीसी परीक्षा की तैयारी कर रही थी। रविवार रात करीब 11 बजे वह लाइब्रेरी से लौटकर अपने कमरे में गई थी। सोमवार सुबह करीब 10 बजे तक जब वह कमरे से बाहर नहीं निकली, तो रूममेट और अन्य छात्राओं को चिंता हुई।
उन्होंने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद छात्रावास की वार्डन को सूचना दी गई। स्थिति संदिग्ध लगने पर पुलिस को बुलाया गया और करीब 11 बजे पुलिस की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा गया। अंदर का दृश्य देख सभी स्तब्ध रह गए, जहां छात्रा का शव फंदे से लटका मिला।
पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं और मृतका का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है। मोबाइल की कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर भी जांच की जा रही है। फिलहाल, आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।
पुलिस का कहना है कि यह मामला संवेदनशील है और हर एंगल पारिवारिक, शैक्षणिक और व्यक्तिगत से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों पर स्पष्ट स्थिति सामने आएगी।
Published on:
07 Apr 2026 12:36 pm
बड़ी खबरें
View Allबाड़मेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
