25 मई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राजस्थान में बसेगा नया शहर: नए प्लॉट होंगे विकसित, मिलेंगी सभी आधुनिक सुविधाएं

राजस्थान में पचपदरा रिफाइनरी के आसपास का क्षेत्र आने वाले वर्षों में पश्चिमी राजस्थान का नया औद्योगिक और शहरी विकास केंद्र बनने जा रहा है। रीको यहां सभी आधुनिक सुविधाओं के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इससे क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।

2 min read
Google source verification

New smart city in rajasthan. Photo- AI

बालोतरा। पचपदरा रिफाइनरी के आसपास का क्षेत्र आने वाले वर्षों में पश्चिमी राजस्थान का नया औद्योगिक और शहरी विकास केंद्र बनने जा रहा है। राजस्थान राज्य औद्योगिक विकास एवं निवेश निगम (रीको) ने यहां उद्योगों के साथ-साथ स्कूल, कॉलेज, हॉस्पिटल, ग्रुप हाउसिंग, मल्टीप्लेक्स, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, होटल-मोटल, रिसोर्ट और मॉल जैसी आधुनिक सुविधाओं के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इससे क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलने के साथ शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का बड़ा विस्तार होगा।

रीको इकाई प्रभारी कुलदीप दाधीच ने बताया कि बालोतरा-बाड़मेर राष्ट्रीय राजमार्ग-25 पर बोरावास-कलावा क्षेत्र में प्रथम चरण के तहत 29.77 हेक्टेयर भूमि पर औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया गया है। यहां 86 औद्योगिक भूखंडों और 8 प्लग एंड प्ले मॉडल फैक्ट्री शेड्स का नियोजन किया गया है। क्षेत्र में सड़क, बिजली सहित आधारभूत सुविधाएं विकसित की जा चुकी हैं।

489 लोगों को रोजगार, 257 नए प्लॉट होंगे विकसित

प्रभारी दाधीच के अनुसार अब तक 27 औद्योगिक इकाइयों को 38 भूखंडों (प्लाट) के आवंटन पत्र जारी किए जा चुके हैं। इन इकाइयों में लगभग 89.13 करोड़ रुपए का निवेश प्रस्तावित है, जिससे करीब 489 लोगों को रोजगार मिलने का अनुमान है।

वहीं 7 अन्य सफल आवेदकों को 23 अप्रेल को ऑफर लेटर जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि बोरावास औद्योगिक क्षेत्र के द्वितीय चरण में 213.70 हेक्टेयर भूमि पर 500 वर्ग मीटर से लेकर 1.62 लाख वर्ग मीटर तक के 257 भूखंड विकसित किए जाएंगे।

फिलहाल 87.64 हेक्टेयर भूमि पर सड़क, बिजली, स्ट्रीट लाइट और अन्य विकास कार्यों के लिए निविदाएं आमंत्रित की हैं। जल्द ही इस क्षेत्र को भी आवंटन के लिए खोला जाएगा। ऐसे में रिफाइनरी के आसपास विकसित हो रहे औद्योगिक क्षेत्र से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

रिफाइनरी बेल्ट में विकसित होंगी आधुनिक सुविधाएं

राजस्थान सरकार की ओर से रिफाइनरी के आसपास रामनगर (थोब), सिंधियों की ढाणी, वेदरलाई, बोरावास, खेमाबाबा नगर, रातानाडा, मालियों की ढाणी, बाम नेवाई और जेरला की सैकड़ों हेक्टेयर भूमि रीको को आवंटित की गई है। इन क्षेत्रों में औद्योगिक विकास के साथ शैक्षणिक संस्थान, स्वास्थ्य सुविधाएं, आवासीय योजनाएं, मनोरंजन केंद्र और व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स विकसित किए जाएंगे। रीको इन परियोजनाओं में निवेश के इच्छुक निवेशकों से प्रस्ताव आमंत्रित करने की तैयारी कर रहा है।

फैक्ट फाइल

  • 29.77: हेक्टेयर में विकसित हुआ प्रथम चरण
  • 86: औद्योगिक भूखंड और 8 प्लग एंड प्ले शेड्स
  • 27: इकाइयों को जारी हुए आवंटन पत्र
  • 89.13: करोड़ रुपये का प्रस्तावित निवेश
  • 489: लोगों को रोजगार मिलने का अनुमान
  • 213.70: हेक्टेयर भूमि पर द्वितीय चरण में विकास
  • 257: नए भूखंडों की योजना तैयार