- गुड़ामालानी विधायक का बयान
बाड़मेर. प्रदेश में पंचायती राज चुनाव प्रस्तावित होने के बाद शनिवार को गुड़ामालानी विधायक हेमाराम चौधरी ने अपने बयान में कहा कि पंचायती राज चुनाव में तीन संतान वाले नियमों के कारण प्रदेश में भ्रूण हत्याएं बढ़ रही है। उनके मुताबिक सांसद व विधायक के लिए यह नियम ना होकर पंचायतीराज चुनावों में लागू होता है तो यह संविधान के विरूद्ध है।
बाड़मेर जिले के गुड़ामालानी विधायक हेमाराम चौधरी ने एक बड़ा बयान देते हुए कहा है कि पंचायती राज में इस नियम के कारण भ्रूण हत्या बढ़ रही है।
गुड़ामालानी विधायक बाड़मेर जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में पंचायत समिति सदस्य एवं जिला परिषद सदस्यों की लॉटरी में भाग लेने आए थे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह नियम सांसदों एवं विधायकों के लिए ना होकर पंचायतीराज चुनावों में लागू होता है तो यह संविधान के विरुद्ध है।
चौधरी ने कहा कि सरकार कानून बनाने वालों में से है और अपने लिए कोई नियम नहीं बना कर आम जनता पर इस प्रकार के नियम थोपती है तो मैं व्यक्तिगत इसके सख्त खिलाफ हूं। उन्होंने कहा कि निर्णय सरकार के हाथ में है इसके खिलाफ मैं आगे भी विरोध करता रहूंगा।
इसकी वजह से जनसंख्या में किसी भी प्रकार की कमी नही आई है। चुनाव लड़ने वाले अभी भी नियमों के विरुद्ध कोई गली निकालकर चुनाव लड़ रहे हैं। इस नियम का कोई महत्व नहीं है। इस दौरान हेमाराम चौधरी ने बयान देते हुए कहा कि समाज पुत्र चाह व चुनाव लड़ने के लिए जांच करवाते हैं जिससे प्रदेश में भ्रूण हत्या बढ़ रही है।