
चौहटन. खाली सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर अवैध काश्त करने की सूचना पर तहसील प्रशासन ने देर शाम मौके पर पहुंचकर काश्त कर रहे एक ट्रैक्टर को जब्त किया। दो अन्य स्थानों पर सरकारी जमीन पर काश्त करने के बाद सिंचाई सामग्री जब्त की गई।
तहसीलदार तुलसाराम विश्नोई ने बताया कि प्रशासन को सूचना मिली कि बूठ राठौड़ान ग्राम पंचायत क्षेत्र में सरकारी जमीन पर अवैध काश्त की जानकारी मिली। सूचना मिलने पर भू अभिलेख निरीक्षक बावड़ी कला व हल्का पटवारी बूठ राठौड़ान को साथ लेकर मौके पर पहुंचे, जहां सरकारी सिवाय चक जमीन पर एक ट्रैक्टर से मुबीन पुत्र रूमाली व खुदाबक्श पुत्र जूसब काश्त कर रहे थे। उन्होंने टै्रक्टर जब्त किया।
अब्दुला का तला में हिन्दाल पुत्र अलीखान कब्जा काश्त कर बाजरे की फसल को फव्वारों से सिंचाई कर रहा था, जिस पर 45 पाइप, 28 नोजल जब्त किए। हरकंवर पत्नी भगवानदान से भी 17 फव्वारे जब्त किए।
और इधर...
दो लाइनमैन, कई गांव, कैसे सुधरे हालात
- कार्मिकों की कमी के चलते फॉल्ट दुरुस्त में दिक्कत, दिन तीन से बिजली गुल
गडरारोड. सीमावर्ती क्षेत्र के कई गांवों में पिछले 3 दिनों से बिजली संकट से जूझ रहे हैं। डिस्कॉम में लाइनमैन की कमी के चलते स्थिति में सुधार नहीं हो रहा। गौरतलब है कि क्षेत्र में विद्युत तंत्र सुधार को लेकर दो लाइनमैन ही कार्यरत है, जिनके भरोसे पूरा क्षेत्र है। एेसे में किसी गांव में बिजली बंद होने पर कई दिन तक फॉल्ट दुरुस्त नहीं होता और लोग अंधेरे में रहने को मजबूर है।
क्षेत्र के तामलोर, बाण्डासर, उतरबा, जयसिंधर गांव, जयसिंधर स्टेशन, अमीन का पार, मक्खन का पार, पनेला, सरगीला, मुनाबाव, रोहिड़ी, पांचला, सून्दरा में पिछले 3 दिन से बिजली नहीं है।
अधिकारी कहिन-
पूरे क्षेत्र में बिजली समस्या सुधार के लिए अधिक लाइनमैन की आवश्यकता है। हमारे पास मात्र दो लाइनमैन काम करने लायक है। शेष चार कर्मचारी उम्रदराज, विकलांग होने से वे पोल पर चढने में असमर्थ है।
-ललित बाकोलिया, कनिष्ठ अभियंता, डिस्कॉम गडरारोड