बाड़मेर

दीपावली पर थार के ढेड़ सौ घर सौर ऊर्जा लाइट से हुए रोशन

https://www.patrika.com/barmer-news/
2 min read
Nov 07, 2018
Illumination of Thar's house with solar energy lights on Deepawali
Illumination of Thar's house with solar energy lights on Deepawali

रोशन हुई ढाणियां...
डेढ़ सौ घरों में पहली बार जले चिराग


बाड़मेर. दीपावली पर जिले के डेढ़ सौ एेसे गरीबों के झोंपे जो आज तक केवल चिमनी और लालटेन की मद्धम रोशनी से ही रोशन हुए थे वहां पर सौर ऊर्जा की लालटेन से दुनियां जगमग होगी।
जिले के घोनिया, मांगता, थूम्बली आदि गांवों के डेढ़ सौ घरों में पिछले साल दिवाली चिमनी की रोशनी में मनाई गई थी, लेकिन इस बार इन घरों में सौर ऊर्जा की जगमगाहट होगी। मुम्बई की चिराग ग्रामीण विकास फाउंडेशन ने चेतना संस्थान के साथ मिलकर जिले के इन गांवों में सौर ऊर्जा से घरेलू विद्युत कनेक्शन दिए। प्रत्येक घर में एक सौर पैनल, बैटरी, मोबाइल चार्जिंग, डिवाइस और एक पोर्टेबल लालटेन दी गई। इसके चलते इन घरों में इस बार दिवाली के दीपों की झिलमिल रोशनी के साथ घर भी सौर ऊर्जा से रोशन हो रहे हैं।
इसके चलते इन गांवों की महिलाएं जो स्वरोजगार में लगी हुई है, उनको फायदा मिला तो बच्चों को भी चिमनी की रोशनी में पढऩे से आजादी मिली। इस संबंध में संस्थान की सह-संस्थापक और निदेशक प्रतिभा पाई ने बताया कि उनके मिशन में लाभार्थियों को लाभ व खुशी देने से ही नहीं रोशनी आने की खुशी में लोगों के चेहरों पर मुस्कान देना ही मकसद है। रोशनी का त्योहार मनाने में यह एक सार्थक शुरूआत है। उन्होंने बताया कि चिराग संस्थान के तहत देश के सात राज्यों में 366 गांवों को सौर ऊर्जा से रोशन किया गया है। इसमें 86 हजार परिवारों के घर जगमगाए हैं।
ये भी पढ़े...
चार ढाणियों में 25 साल बाद हुआ उजाला
दीपावली पर चार ढाणियां विद्युतीकृत
बाड़मेर की चार ढाणियों में 25 साल बाद पहली बार दीवाली पर उजाला हुआ। ढाणियों तक बिजली लाइन सप्लाई कर चारों ढाणियों को विद्युतीकृत किया गया। डिस्कॉम निदेशक ने मंगलवार को चारों ढाणियों को अवलोकन कर ग्रामीणवासियों को दीवाली पर बिजली की सौगात देकर बधाई दी।
जोधपुर डिस्कोम के प्रबंध निदेशक सुमेरसिंह यादव ने बताया कि बाड़मेर जिले के डोली व अराबा गांव में चार ढाणियों में रहने वाले 362 लोग 25 साल से बिजली के बिना रह रहे थे। डिस्कॉम ने यहां बिजली की लाइन पहुंचाने के लिए सिंगल फेस के 41 ट्रांसफार्मर लगाए। यादव ने बच्चों को मिठाई खिलाकर दीवाली की बधाई देकर अधिकारियों को जल्द ही कनेक्शन करने के निर्देश दिए।

Published on:
07 Nov 2018 12:05 pm