
सिवाना. कुशीप गांव में रविवार को सरगरा समाज सिवांची पट्टी क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन समारोह हुआ। विधायक हमीरसिंह भायल ने कहा कि खेल से सामाजिक सौहार्द व भाईचारा बढ़ता है। शारीरिक स्वच्छता कायम रहती है। अतिथियों ने कहा कि समाज खेलकूद प्रतियोगिताओं के आयोजन के साथ-साथ शिक्षा पर ध्यान दें। शिक्षा आज के युग की महत्ती आवश्यकता है। एेसे में भावी पीढ़ी पढ़लिखकर कामयाब बनें, यह हमारी जिम्मेदारी है। अभिभावक विशेषकर बालिका शिक्षा पर विशेष ध्यान दें। समाज में व्याप्त कुरीतियों को त्याग समाज नशाबंधी का संकल्प भी लें। सरगरा समाज पूर्व अध्यक्ष पारसमल ने बताया कि इस प्रतियोगिता में 11 टीमों ने भाग लिया। निर्णायक मैच जसोल व अहमदाबाद की टीम के बीच खेला गया। इसमें अहमदाबाद टीम विजेता रही। विजेता टीम व उपविजेता टीम को अतिथियों ने पुरस्कृत किया। इस मौके पर गणपतसिंह खिंची, विशनसिंह खिंची, दलपतसिंह, मोरध्वजसिंह, हुकमाराम, रमेश कुमार, सुजाराम, जितेंद कुमार, राजेन्द्र कुमार आदि मौजूद थे। निप्र.
- माली समाज कबड्डी प्रतियोगिता
बालोतरा. शहर के आर्य वीर दल मैदान में रविवार को माली समाज की कबड्ड़ी प्रतियोगिता के दूसरे दिन रोमांचक मुकाबले हुए। राजू माली ने बताया कि प्रतियोगिता का आगाज शनिवार शाम को संत लिखमीदास की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्जवलन के साथ हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व सभापति महेश बी चौहान, उपसभापति राधेश्याम माली, हरीश सोलंकी, राकेश सैनी, माणक कच्छवाह, नरपत कच्छवाह ने फीता काट औपचारिक शुरुआत की। प्रतियोगिता का पहला मैच नौसर व पचपदरा के बीच खेला गया। इसमें पचपदरा विजयी टीम रही। दूसरा मैच जसोल व मथानिया के बीच खेला गया। इसमें जसोल विजयी रहा। तीसरा मैच पीपाड़ व उम्मेदपुरा के बीच खेला गया। इसमें पीपाड़ की टीम विजयी रही। इस अवसर पर राधेश्याम गहलोत, घेवरचंद सुंदेशा, स्वरूप माली, रमेश माली, जितेंद्र माली, मुकेश माली, भरत माली, दिनेश कच्छवाह, महेश माली, राजेश गहलोत, सुरेश गहलोत सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।