बाड़मेर

भारतीय सीमा में मिला पाक एयरलाइंस लिखा हवाईजहाजनुमा गुब्बारा

सुरक्षा एजेंसियों में खलबली मची
less than 1 minute read
• •
Updated: 15 Dec 2023, 12:28 AM IST
border.jpg
चौहटन के बावड़ी कला सरहद में मिला संदिग्ध गुब्बारा


चौहटन उपखण्ड के सरहदी इलाके से लगती भारत पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा से 10 किमी दूर भारतीय सीमा में गुरुवार सवेरे एक गांव के खेत में पाकिस्तान लिखा हवाईजहाजनुमा संदिग्ध गुब्बारा मिलने से क्षेत्र में सनसनी मच गई। जानकारी के अनुसार पाकिस्तान एयरलाइंस लिखा हुआ करीब दो गुणा चार साइज का यह संदिग्ध गुब्बारा भारतीय सीमा में मिला। इससे सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। गुब्बारा मिलने की सूचना के बाद चौहटन थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर संदिग्ध गुब्बारा कब्जे में लिया है। पुलिस के साथ ही सुरक्षा एजेंसियां इस संदिग्ध गुब्बारे की जांच में जुटी हैं।

सुरक्षा एजेंसियां कर रही पड़ताल
चौहटन थानाधिकारी जयकिशन सोनी ने बताया कि गुरुवार सुबह उन्हें टेलीफोन से सूचना मिली कि बावड़ीकला के निकट पूनिया का तला गांव निवासी दमाराम के खेत में पाकिस्तान एयरलाइन लिखा हुआ संदिग्ध गुब्बारा आकर गिरा है। पुलिस टीम ने मामला गंभीरता से लेते हुए संदिग्ध गुब्बारा कब्जे में लेकर चौहटन थाने लाई। पुलिस ने गुब्बारे की बारीकी से जांच की। वहीं विभिन्न सुरक्षा एजेंसियां जांच पड़ताल कर रही हैं ।

गुब्बारे में नहींं मिली कोई संदिग्ध वस्तु
थानाधिकारी जयकिशन सोनी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में संदिग्ध गुब्बारे में किसी भी प्रकार की कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, प्रथम दृष्टया यह प्लास्टिक का गुब्बारा है जिसके ऊपर अंग्रेजी में पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस लिखा हुआ है। इसके अलावा गुब्बारे पर उर्दू में भी कुछ लिखा है। साथ ही चांद तारे की भी गुब्बारे पर आकृति बनी हुई है। फिलहाल पुलिस व एजेंसिया हवाई जहाजनुमा इस संदिग्ध गुब्बारे की जांच पड़ताल कर रही हैं।

Published on: