
Interview Arjun Dev Charan: बाड़मेर: राजस्थानी भाषा को लेकर यदि गंभीर प्रयास नहीं किए गए, तो अगले सौ वर्षों में इसके खत्म होने का खतरा है। इसके लिए सरकारी स्तर पर प्रयास करने के साथ आम जन को भी आगे आना होगा। आम जनता इसे लेकर सचेत नहीं है। लोगों को भी समझना होगा कि यह केवल भाषा और संस्कृति बचाने की बात नहीं है, यह रोजी-रोटी से जुड़ा मसला भी है। सरकार की इच्छाशक्ति और जनता की मांग से राजस्थानी भाषा को मान्यता मिल सकती है। यह कहना है साहित्य अकादेमी के राजस्थानी भाषा परामर्श मंडल के संयोजक प्रोफेसर (डॉ.) अर्जुनदेव चारण का। राजस्थानी भाषा, साहित्य और संस्कृति को लेकर राजस्थान पत्रिका से विशेष साक्षात्कार में डॉ. अर्जुनदेव ने चेताया कि समय रहते हमें अपनी मातृभाषा, उसमें रचे गए साहित्य, परंपरा और संस्कृति को बचाना आवश्यक है।
सवाल: राजस्थानी भाषा को मान्यता देने और उसके संरक्षण में सबसे बड़ी बाधाएं क्या हैं?
जवाब: देखिए, एक पहलू तो यह है कि सरकार इसके तकनीकी पक्ष में चली जाती है। जबकि राजस्थानी भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने का प्रस्ताव राजस्थान विधानसभा ने सर्वसम्मति से पारित कर केंद्र को भेज दिया। दूसरा पक्ष यह भी है कि इस मामले में आम जनता कभी दबाव नहीं बनाती। इसी साल सुप्रीम कोर्ट ने राजस्थान सरकार को निर्देश दिया कि प्रदेश के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में राजस्थानी भाषा को विषय के रूप में पढ़ाने के लिए चरणबद्ध और समयबद्ध कदम उठाए जाएं। इससे कुछ उम्मीद जगी है।
सवाल: आज जब शिक्षा के क्षेत्र में अंग्रेजी का बोलबाला है, तो राजस्थानी भाषा कैसे टिक पाएगी?
जवाब: यह सही है कि वैश्विक स्तर पर और नौकरियों के कारण अंग्रेजी का प्रभाव है। लेकिन स्कूलों में शुरुआती स्तर से अंग्रेजी और हिंदी के साथ राजस्थानी भाषा को भी पढ़ाया जाए। इससे न सिर्फ राजस्थानी पढ़ने वालों को रोजगार मिलेगा, बल्कि बच्चों में स्थानीय संस्कृति की समझ भी विकसित होगी।
सवाल: नौकरी के कारण जो युवा दूसरे प्रदेशों में चले जाते हैं, उनके बच्चे अपनी भाषा और संस्कृति से कट रहे हैं?
जवाब: देखिए, इसके लिए प्राथमिक स्तर पर ही काम करना पड़ेगा। आप चाहे राजस्थान में कहीं भी नौकरी करें या बाहर रहें, बच्चे को प्राथमिक स्तर पर राजस्थानी भाषा पढ़नी है। अगर प्राइमरी में बच्चा आठ साल तक किसी भाषा से परिचित रहता है, तो वह भाषा उसके साथ जुड़ी रहती है। महाराष्ट्र में स्कूलों में मराठी पढ़ाई जाती है, इसलिए वहां का हर बच्चा मराठी जानता है।
सवाल: आज अंग्रेजी का प्रभाव बढ़ गया है। ऐसे में प्राथमिक स्तर पर राजस्थानी भाषा को कैसे बचाया जा सकता है?
जवाब: हमारे यहां अंग्रेजी को लेकर औपनिवेशिक मानसिकता बन गई है। आज बच्चों के सामने यह संकट है कि वे किस भाषा में पढ़ें। लेकिन यदि प्राथमिक स्तर पर भाषा को अनिवार्य कर दिया जाए, तो वह भाषा बच्चों के पास रह जाती है। इसके लिए स्थानीय, जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर प्राथमिक शिक्षा में काम करने की जरूरत है।
सवाल: भाषा और साहित्य को लेकर अकादेमी की तरफ से और क्या काम हो रहे हैं?
जवाब: बाड़मेर की तरह ही श्रीगंगानगर और छोटे शहरों में इसी तरह के आयोजन किए जा रहे हैं। एक महत्वपूर्ण बात यह है कि प्रदेश के छोटे शहरों ने अभी भी अपनी मातृभाषा और संस्कृति को काफी हद तक जीवित रखा है। बाड़मेर को ही देख लीजिए। यहां आपको हर व्यक्ति अपनी भाषा में बात करता दिखेगा।
प्रो. (डॉ.) अर्जुनदेव चारण राजस्थानी भाषा के प्रतिष्ठित कवि, नाटककार, आलोचक और रंगमंच निर्देशक हैं। उनका जन्म 10 मई 1954 को जोधपुर के मथानिया गांव में हुआ। उन्होंने जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय, जोधपुर के राजस्थानी विभाग में सेवाएं दी हैं। राजस्थानी साहित्य और लोकनाट्य परंपरा के अध्ययन एवं आलोचना में उनका महत्वपूर्ण योगदान है। वे वर्तमान में साहित्य अकादेमी के राजस्थानी भाषा परामर्श मंडल के संयोजक हैं।
उनकी प्रमुख कृतियों में ‘धरमजुद्ध’, ‘रिंधरोही’, ‘विरासत’, ‘मुगती गाथा’, ‘राजस्थानी कहानी : परंपरा और विकास’ तथा ‘बयत री बारखड़ी’ शामिल हैं। उनकी साहित्यिक उपलब्धियों के लिए उन्हें साहित्य अकादेमी पुरस्कार, बिहारी पुरस्कार, राजस्थान संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार और संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।