बाड़मेर

यादों में होली : बाड़मेर में समय के साथ बदल गई होली की परम्पराएं, जानिए पहले इस तरह खेलते थे होली

-चौक में रखते थे रंग से भरा कड़ाह, वहां जमता था होली का रंग-रंग लगाना अच्छा शगुन माना जाता था, अनजान को भी रंग देते थे लोग  
2 min read
• •
Updated: 26 Feb 2018, 11:30 AM IST
khulkarkheloholi
khulkarkheloholi

बाड़मेर. होली पर्व का नाम ही मन में रंग-तरंग व उल्लास भर देता है। जैसे होली नजदीक आ रही है वैसे ही बच्चों और बुजुर्गों में भी इसे लेकर एक अलग ही उल्लास है। रंगों के इस त्योहार में समय के साथ जरूर बदलाव आया है, लेकिन इसके रंग और उल्लास आज भी उसी 'रंग' में रमे हैं।

कई दिनों तक नहीं छूटता था रंग
पहले होली पर रंग का असर ऐसा होता था कि 10-15 दिन तक छूटता नहीं था। होली से पहले लोगों का उत्साह अलग ही होता था। होली पर रंग लगाना शगुन माना जाता था। दुकानदार गणेशमल बताते हैं कि पहले जर्मनी व रूस से रंग आता था। अब ना तो ऐसे रंग आते हंै और ना ही ऐसी मस्ती रहती है।

यहां लगते थे बड़े-बड़े कड़ाह
शहर के खत्रियों का निचला वास, मेघवालों का वास, हनुमानमंदिर के पास, अग्रवाल मोहल्ला, हाई स्कूल रोड सहित कई मोहल्लों में बड़े-बड़े कड़ाह रखे जाते थे। इसमें पानी भरने के बाद रंग डाला जाता था। इसके बाद होली खेलते थे। अब न तो कोई ऐसी होली खेलने को तैयार नजर आता है न ही किसी की रूचि है। ऐसे में अब कड़ाह कबाड़ में बदल रहे हैं।

होली दहन के लिए घरों से लकडिय़ां करते थे एकत्र
उस समय घरों में चूल्हे पर ही खाना बनता था इसलिए घरों में लकडिय़ां आसानी से मिल जाती थीं। मोहल्ले के बच्चे घर-घर जाकर होली दहन के लिए लकडिय़ां एकत्र करते थे। समय के साथ अब गैस पर खाना बनने के कारण लकड़ी एकत्र करने की परम्परा भी बंद हो गई। अब लकडिय़ां खरीद कर लानी पड़ती है।

महिलाएं मारती थी सोटा
रंग खेलने के दौरान कई मोहल्लों में यह भी परम्परा थी कि होली खेलने वाले पुरुषों को महिलाएं कपड़े से बने सोटे से मारती थी। यह एक स्वस्थ परम्परा मानी जाती थी। अब इस तरह की परम्पराएं नहीं रही हैं। बुजुर्गों को इनकी जानकारी है। युवा पीढ़ी को तो पता ही नहीं है।

रंग लगाना शगुन
होली पर्व पर रंग लगाना अच्छा शगुन है। इससे किसी को परहेज नहीं करना चाहिए। भाईचारे के साथ होली मनाएं।- गणेशमल

खत्म हो रही परम्पराएं
पूर्व में होली पर गली मोहल्लों में लोहे के कड़ाह रखकर होली खेली जाती थी। अब यह परम्परा खत्म ही हो गई है।-नंदकिशोर

अब गुलाल का अधिक प्रयोग
पहले होली पर मस्ती से एक दूसरे पर रंग डालते। आज बाजार में रंग का स्थान गुलाल ने ले लिया।-जगदीश

अब स्थिति बदल गई
पहले होली पर अनजान को भी रंग लगाते वे इसे अच्छा मानते थे। अब स्थितियां बदल गई हैं।- तोलाराम

Published on: