मुंबई

भाई-बहन में जमीन विवाद, खूनी संघर्ष में दस घायल

दो गुट आमने-सामने... कुल्हाडिय़ों व लाठियों से किया हमला
2 min read
• •
Updated: 19 Dec 2016, 12:56 PM IST
Land dispute in barmer
barmer

राजस्व महकमे ने बेटियों को पिता की जमीन में बराबर का हिस्सेदार तो मान लिया लेकिन इससे भाई बहन का विवाद इस स्तर पर पहुंच गया है कि सिर फुटव्वल की स्थितियां होने लगी हैं। रविवार को चौहटन के तमाची की गफन गांव में विवाद इतना गहरा गया कि दोनों गुट आपस में भिड़ गए और इसमें दस जने घायल हो गए। इन्हें उपचार को अस्पताल में दाखिल किया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत करवाया। बहन पक्ष की ओर से रात को मामला दर्ज करवाया गया।

जानकारी के अनुसार तमाची की गफन के हनीफ और उसकी बहन के बीच लम्बे समय से जमीन का विवाद चल रहा है। हनीफ की बहन की ओर से पैतृक जमीन में हिस्सा मांगने को लेकर विवाद बढ़ गया। रविवार दोपहर भाई हनीफ खेत में झौंपा बना रहा था। इस दौरान बहन पक्ष के लोगों ने कुल्हाडिय़ों व लाठियों से कातिलाना हमला कर दिया। इस दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। इससे दस लोग घायल हो गए।

हमले में गंभीर घायलों को बाड़मेर के राजकीय अस्पताल पहुंचाया, वहीं अन्य पांच घायलों को चौहटन अस्पताल में दाखिल किया गया। जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना की जानकारी मिलने पर बिजराड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मोहम्मद पुत्र सहिद, गाजी पुत्र जामीन, हनीफा पत्नी जामीन, नाथू पुत्र मोहम्मद, जामीन पुत्र तैयब, हयात पुत्र हनीफ, अदरूप पुत्र हनीफ, हनीफ पुत्र जगमाल, हाजिद पुत्र तैयब निवासी तमाची की गफन हमले में घायल हो गए।

पांच घायलों को राजकीय अस्पताल लाया गया। वहीं दो गंभीर घायलों को जोधपुर रैफर कर दिया। रात को पुलिस थाना बिजराड़ में बहन पक्ष की ओर से नाथूखां पुत्र मोहम्मद ने रिपोर्ट पेश कर बताया कि हसन पुत्र इब्राहिम सहित 10-12 लोगों ने कुल्हाडि़यों और लाठियों से अचानक हमला बोल दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Published on: