Barmer Road Accident: कोतवाली थानाधिकारी लेखराज सियाग ने बताया कि दोपहर करीब दो बजे बाद सर्किट हाउस के पास सड़क पर एक टैंकर अनियंत्रित हो गय्रा। अनियंत्रित टैंकर पहले कार से टकराया। इसके बाद बस स्टैंड पर बैठी सवारियां चपेट में आ गई।
Barmer Road Accident: बाड़मेर शहर के जैसलमेर रोड सर्किट हाउस के पास श्री मल्लीनाथ सर्किल पर स्थित निजी बस स्टैंड पर एक अनियंत्रित टैंकर मौत बनकर दौड़ने लगा। टैंकर ने पहले एक कार को टक्कर मार दी। इसके बाद बाइक को चपेट में लिया। फिर बस स्टैंड पर सड़क किनारे बैठी सवारियों को कुचल दिया। दुर्घटना में चार गंभीर घायल हो गए। घायलों को राजकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां से तीन को जोधपुर रेफर कर दिया। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
कोतवाली थानाधिकारी लेखराज सियाग ने बताया कि दोपहर करीब दो बजे बाद सर्किट हाउस के पास सड़क पर एक टैंकर अनियंत्रित हो गय्रा। अनियंत्रित टैंकर पहले कार से टकराया। इसके बाद बस स्टैंड पर बैठी सवारियां चपेट में आ गई। हादसे में उगमदान पुत्र रावतदान निवासी झांफली, महावीर पुत्र उगमदान निवासी झांपली, दिलीपसिंह पुत्र छेलसिंह निवासी मोढ़ा जैसलमेर व रमेश पुत्र भंवरगिरी निवासी बालेसर गंभीर घायल हो गए। तीन घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रैफर किया है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर मामला किया है। चालक मौके से भाग गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शहर की तरफ से तेज रफ्तार से पानी से भरा टैंकर आ रहा था, अचानक अनियंत्रित हो गया। यहां कार को टक्कर मार दी। इसके बाद बाइक को चपेट में लिया और स्टैंड पर पेड़ के नीचे सवारियां बैठी थी, उन्हें कुचलते हुए दीवार से जा टकराया। इस दौरान एक एक स्टॉल को चपेट में लिया। दुकान का सामान सड़क पर बिखर गया। हादसे के दौरान आसपास कई लोग खड़े थे, उन्होंने भागकर जान बचाई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा काफी भयानक था, अनियंत्रित टैँकर काल बनाकर दौड़ता दिखा।
बाड़मेर में दिन के समय भारी वाहनों की नो एंट्री है, इसके बावजूद शहर में दिनभर भारी वाहनों का प्रवेश होता है। मुख्य रूप से रॉय कॉलोनी, कलक्ट्रेट रोड, सर्किट हाउस रोड पर भारी वाहनों का दिनभर आवागमन रहता है। वहीं पानी से भरे टैंकर तो स्पीड में चलते है कि पास में निकलने पर भी हादसे का डर रहता है। यातायात पुलिस शहर में भारी वाहनों के प्रवेश को रोक नहीं पा रही है। ऐसे में बाड़मेर शहर की तरफ से आए टैंकर के कारण बड़ा हादसा हो गया।
सर्किट हाउस के इस इलाके में दिनभर आपाधापी रहती है। जैसलमेर रोड की ओर से आने वाले वाहन एक तरफ से सर्किट हाऊस के पास से होकर आते है। दूसरी ओर मेन रोड से भी वाहन सामने आते है। इधर शहर की तरफ से जाने वाले वाहनों का क्रास भी यहीं होता है। ऐेसे में यहां पर दिनभर वाहनों की आपाधापी के चलते कई बार दुर्घटना की आशंका रहती है।
मल्लीनाथ सर्किल के ठीक पीछे प्राइवेट बस के लिए स्टैण्ड बना हुआ है। यहां बस स्टैण्ड के बाहर तक बसों का जमावड़ा अक्सर देखा जाता है। बसों के आगे टैक्सी और खोमचेवाले भी आ जाते है। ऐसे यहां पर यातायात व्यवस्था को लेकर मुश्किल आए दिन रहती है।
शहर के भीतर यहां बीएसएफ गेट के पास कई बार डायवर्ट लगा देने से शहर की तरफ से आने वाले वाहनों को सिंगल रोड का इस्तेमाल करना पड़ता है। इससे भी वाहन आमने-सामने हो जाते है। जहां दुर्घटना हुई वहां पूरा घुमाव है। दोनोें तरफ से आने वाले वाहन भी नजर नहीं आते हैं। यहां पर यातायात पुलिस की चौकसी जरूरी है।