29 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Barmer: लुकाछिपी खेल रही बहनों पर गिरी रसोई की दीवार, एक की मौत, दूसरी गंभीर घायल

Barmer Wall Collapse Case: बाड़मेर के मालपुरा गांव में निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरने से बड़ा हादसा हो गया। मलबे में दबने से एक मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई।

2 min read
Google source verification
Girl child dies in Barmer

जिला हॉस्पिटल में भर्ती मासूम। फोटो- पत्रिका

बाड़मेर। सदर थाना क्षेत्र के मालपुरा स्थित धोलपालिया नाडा में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माणाधीन मकान में खेल रही दो सगी बहनों पर अचानक रसोई की दीवार गिर गई। हादसे में एक मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी फैल गई। परिजन और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे तथा मलबा हटाकर दोनों बच्चियों को बाहर निकाला। इसके बाद दोनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

यह वीडियो भी देखें

जानकारी के अनुसार मालपुरा ग्राम पंचायत के धोलपालिया नाडा में नया मकान निर्माणाधीन है। मकान में रसोई की चिमनी से जुड़ी एक दीवार कुछ समय पहले ही बनाई गई थी। शुक्रवार को निर्माण कार्य बंद होने के कारण परिवार के चार से पांच बच्चे वहां लुकाछिपी खेल रहे थे। इसी दौरान ललिता (8) पुत्री चेतनराम और उसकी बड़ी बहन ज्योति (9) चिमनी के पास छिप गईं। अचानक दीवार भरभराकर दोनों बच्चियों के ऊपर गिर गई। दीवार गिरते ही दोनों बच्चियां मलबे में दब गईं। वहां खेल रहे अन्य बच्चों ने शोर मचाया तो परिजन और आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने तुरंत मलबा हटाकर दोनों बच्चियों को बाहर निकाला।

मासूम को गंभीर चोटें आईं

ग्रामीण भूराराम की गाड़ी से दोनों बच्चियों को बाड़मेर जिला अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद ललिता को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल ज्योति का उपचार जारी है। डॉक्टरों ने घायल बच्ची का एक्सरे और सीटी स्कैन करवाया है, जिसमें गंभीर चोटें सामने आई हैं। अस्पताल में चिकित्सकों की टीम उसकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए है।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

घटना के बाद मृत बच्ची के शव को बाड़मेर के जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंची तथा पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर फैल गई। मासूम बच्ची की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण भी घटना से स्तब्ध नजर आए। सदर थाना सीआई करतार सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम को मौके और अस्पताल भेजा गया है। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।