27 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Balotra: शादी के 23 दिन बाद नवविवाहिता ससुराल से गहने लेकर फरार, वारदात में शामिल एक आरोपी गिरफ्तार

Balotra Theft Case: बालोतरा पुलिस ने जेवरात चोरी की वारदात में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर 150 ग्राम सोने के जेवरात बरामद किए हैं। एक नवविवाहिता ने अपने परिचितों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।

2 min read
Google source verification
bride ran away with cash and jewellery, Balotra

बालोतरा में शादी के 23 दिन बाद नवविवाहिता ससुराल से गहने लेकर फरार

Balotra Theft Case: बालोतरा पुलिस ने जेवरात चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर करीब 150 ग्राम सोने के जेवरात बरामद किए हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि नवविवाहिता ने अपने पूर्व परिचितों के साथ मिलकर ससुराल से गहने और नकदी चोरी की योजना बनाई थी।

बालोतरा पुलिस अधीक्षक रमेश ने बताया कि संपत्ति संबंधी अपराधों के त्वरित खुलासे को लेकर चलाए जा रहे ऑपरेशन अश्ववेग अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरफूलसिंह एवं वृताधिकारी विकास कुमार के सुपरविजन में थानाधिकारी भंवरसिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने की है।

नवविवाहिता घर से फरार, गायब मिले गहने

कल्याणपुर पुलिस थाने के अनुसार 16 मई 2026 को अराबा दुदावतान निवासी लेहरों देवी पत्नी उदाराम सुथार ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 13 मई की अल सुबह उनकी नवविवाहिता बहू जिज्ञासा जांगिड़ बिना बताए घर से चली गई। तलाश करने पर पता चला कि वह एक अज्ञात मोटरसाइकिल सवार के साथ गई है। परिवार ने जब घर में रखे सूटकेस और अलमारी की जांच की तो ताले खुले मिले तथा सोने-चांदी के जेवरात और एक लाख रुपए नकद गायब पाए गए। चोरी हुए सामान में सोने की आड़, नेकलेस, रखड़ी सेट, चांद-बाला, अंगूठियां, मंगलसूत्र, झुमरिया, चांदी के कंदोरे, पायजेब सहित अन्य आभूषण शामिल थे।

परिचितों के साथ मिलकर रची थी साजिश

पुलिस के अनुसार प्रार्थी के पुत्र तनुज का विवाह 21 अप्रेल 2026 को जिज्ञासा जांगिड़ के साथ हुआ था। विवाह के बाद जिज्ञासा 30 अप्रेल को ससुराल लौटी और घटना तक वहीं रह रही थी। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात मोटरसाइकिल सवार की पहचान नकुल जांगिड़ निवासी चौपासनी हाउसिंग बोर्ड जोधपुर के रूप में हुई, जो जिज्ञासा का पूर्व परिचित निकला।

पुलिस जांच में सामने आया कि जिज्ञासा जांगिड़ ने नकुल जांगिड़ और साहिल हुसैन के साथ मिलकर पूर्व नियोजित षड्यंत्र रचा था। योजना के तहत 13 मई की अल सुबह नकुल बाइक लेकर ससुराल पहुंचा, जहां से जिज्ञासा ससुराल पक्ष के गहने और नकदी चोरी कर उसके साथ फरार हो गई। बाद में चोरी के कुछ सोने के जेवरात साहिल हुसैन को बेचने के लिए दिए गए।

आरोपी से सोने के जेवरात बरामद

पुलिस टीम ने आरोपी साहिल हुसैन पुत्र जाकिर हुसैन, निवासी चौधरी थाना सरदारपुरा जोधपुर को गिरफ्तार किया तथा उसके कब्जे से करीब 150 ग्राम सोने के जेवरात बरामद किए। बरामद गहनों में दो रखड़ी सेट, गले की एक आड़, नेकलेस और एक शीशफूल शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि फरार आरोपी जिज्ञासा जांगिड़ और नकुल जांगिड़ की तलाश जारी है तथा शेष चोरी के माल की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।