
फोटो पत्रिका नेटवर्क
बाड़मेर। बाड़मेर जिले की ढाणियों में रहने वाले हजारों परिवारों के लिए राहत भरी खबर है। उन्हें शीघ्र ही आवागमन के लिए सड़क की सुविधा मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (PMGSY) के तहत कार्य प्रारंभ होने से यह संभव हो पाया है। केंद्र सरकार द्वारा योजना में 523 करोड़ रुपए स्वीकृत किए जाने के बाद जिले के चयनित स्थानों पर निर्माण कार्य जारी है। इससे अगले एक वर्ष में हजारों परिवारों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी और उनका जीवन स्तर सुधरेगा। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी और लोगों को आवागमन में सहूलियत होगी।
रेतीले बाड़मेर जिले में आज भी हजारों परिवार सड़क सुविधा से वंचित हैं। इसके कारण उन्हें एक से दूसरे गांव, कस्बों और शहरों तक आने-जाने में भारी परेशानी उठानी पड़ती है। ग्रामीणों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे समय और श्रम दोनों की हानि होती है। इस समस्या को ध्यान में रखते हुए भारत सरकार ने वर्ष 2011 में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत 250 या उससे अधिक आबादी वाली ढाणियों को चिन्हित किया था। ग्राम पंचायत, पंचायत समिति और जिला स्तर से अनुमोदित प्रस्तावों के आधार पर सरकार ने इनके निर्माण के लिए 523 करोड़ रुपए स्वीकृत किए।
बजट आवंटन के बाद सार्वजनिक निर्माण विभाग ने निविदाएं जारी कीं। संबंधित संवेदकों द्वारा निर्माण कार्य शुरू करने के बाद कई स्थानों पर सड़क निर्माण तेजी से प्रगति पर है। अगले एक वर्ष में कुल 778 किलोमीटर लंबाई की सड़कें बनकर तैयार होंगी। इससे हजारों लोगों को आवागमन में सुगमता मिलेगी और ग्रामीण क्षेत्रों का शहरों से सीधा जुड़ाव होगा। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसर भी बेहतर होंगे।
बाड़मेर के सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता सुराराम चौधरी ने बताया कि सरकार द्वारा बजट स्वीकृत करने के बाद निविदाएं जारी की गईं। कार्य आदेश मिलने पर संवेदक निर्माण कार्य कर रहे हैं। अगले एक वर्ष में 261 ढाणियों तक सड़क बनाई जाएगी, जिसकी कुल लंबाई 778 किलोमीटर होगी।
उधर, सिवाना नगर पालिका क्षेत्र के पादरू का वास में पूर्व में बनी सीसी रोड अब टूटकर बिखरने लगी है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं पैदल राहगीरों के लिए आवागमन भी मुश्किल हो गया है।
Published on:
26 May 2026 03:29 pm
बड़ी खबरें
View Allबाड़मेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
