Monsoon News: मूंग, मोठ, बाजरा की फसलों पर मौसम की मार
Monsoon News: समदड़ी. बाड़मेर जिले में पिछले एक सप्ताह से पड़ रही भीषण गर्मी के बीच गर्म हवाएं चलने से खेतों में खड़ी खरीफ की मूंग, मोठ, बाजरा फसलों पर बुरा असर पड़ने लगा है।दोपहर से लेकर शाम होने तक गर्मी के तेवर कम नहीं हो रहे हैं। तेज गर्मी से फसलें मुरझाने लगी हैं। इससे किसान चिंतित हो गए हैं। हालांकि एक सप्ताह पूर्व क्षेत्र में बरसात भी हुई है,मगर प्रचंड गर्मी के आगे बारिश भी काम नहीं कर पा रही है।
काश्तकारों ने बताया कि एक महीने पहले बरसात के दौरान बोई गई मूंग, मोठ व बाजरा आदि फसलें लहलहाने लगी थी। किसान फसलों में से खरपतवार निकालने भी लगे हैं, मगर पिछले एक सप्ताह से पड़ रही प्रचंड गर्मी से फसलें मुरझा गई हैं। किसानों ने बताया कि सुबह शाम फसलें सूरमी लग रही हैं, मगर दिन में तेज धूप के दौरान तो फसलें एकदम मुरझाई सी लगने लगी हैं।
इनका कहना है
गर्म हवाओं ने फसलों का नुकसान कर दिया है। बढ़त रुकने के साथ ही फसल मुरझाने लगी है। इससे किसानों को नुकसान होने लगा है। -देवाराम, किसान
गर्मी तेज होने व गर्म हवाओं का प्रभाव पड़ने से फसलें मुरझाने लगी हैं। बरसात होते ही वापस सामान्य स्थिति में आ जाएंगी। - कालूराम, कृषि विशेषज्ञ, समदड़ी
बरसात के बाद से गर्म हवाओं के साथ तेज गर्मी होने से फसलें प्रभावित हो रही हैं। शीघ्र बरसात नहीं हुई तो फसलें चौपट हो जाएंगी। - नारायणराम किसान
रिपोर्ट- रामलाल चौधरी