बाड़मेर

Barmer: नर्स ने डॉक्टर को ब्लैकमेल करके ऐंठे 2 करोड़ रुपए, निजी तस्वीरें वायरल करने की देती धमकी, CCTV से रखती थी नजर

Rajasthan Crime: बाड़मेर में एक निजी अस्पताल की नर्स पर 65 साल के डॉक्टर को निजी तस्वीरें वायरल करने और झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर करीब 2 करोड़ रुपए की ब्लैकमेलिंग करने का आरोप लगा है। डॉक्टर की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी नर्स को गिरफ्तार कर लिया है।
2 min read
Jul 23, 2026
Barmer Nurse Blackmail Doctor
ब्लैकमेल करने वाली महिला को दस्तयाब किया (फोटो: पत्रिका)

Barmer Nurse Blackmail Doctor: बाड़मेर शहर के एक निजी अस्पताल के 65 साल के डॉक्टर को उसकी ही अस्पताल में कार्यरत महिला नर्स द्वारा करीब 2 करोड़ रुपए की ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला डॉक्टर की निजी तस्वीरें वायरल करने, झूठे मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी देकर वर्षों तक रुपए वसूलती रही। डॉक्टर की रिपोर्ट पर कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी महिला नर्स को डिटेन कर पूछताछ शुरू कर दी है। कोतवाली पुलिस के अनुसार महिला दिसंबर 2016 से अस्पताल में फीमेल नर्स के पद पर कार्यरत थी। नाइट ड्यूटी के दौरान वह चाय बनाने के बहाने चौथी मंजिल स्थित डॉक्टर के कमरे में आती-जाती थी। इसी दौरान उसने डॉक्टर के मोबाइल से निजी फोटो अपने मोबाइल में ट्रांसफर कर लिए। इसके बाद उसने उन्हीं तस्वीरों के आधार पर ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि डॉ. की रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज किया। जांच के बाद आरोपी महिला कमला उर्फ कमलेश को गिरफ्तार किया गया। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।

खाली चेक और स्टांप पर हस्ताक्षर करवाए

डॉक्टर का आरोप है कि अस्पताल की प्रतिष्ठा और सामाजिक सम्मान बचाने के लिए वह लगातार रुपए देता रहा। अब तक करीब 2 करोड़ रुपए दे चुका है। इनमें 35 लाख रुपए निजी और अस्पताल के खातों से ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए। इसके अलावा महिला ने खाली चेक और स्टांप पेपर पर भी हस्ताक्षर करवा लिए जिन्हें बैंक और लॉकर में छिपाकर रखने का आरोप है।

अहमदाबाद जाने पर किए कई कॉल

डॉक्टर ने बताया कि जब वह काम से अहमदाबाद गए तो महिला ने अनेक बार कॉल किए। उसने अस्पताल स्टाफ को भी डॉक्टर की निजी तस्वीरें दिखाईं। 3-4 अप्रेल 2025 की रात महिला डॉक्टर के घर के बाहर पहुंच गई और अंदर आने की जिद करते हुए पूरी रात बाहर ही बैठी रही। यह घटनाक्रम घर के सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड है।

सीसीटीवी और मोबाइल से रखती थी नजर

डॉक्टर का आरोप है कि महिला ने अपने नाम की एक सिम और छोटा मोबाइल उन्हें उपयोग के लिए दिया था जिसे 24 घंटे चालू रखना पड़ता था। महिला अस्पताल के सीसीटीवी कैमरों के पासवर्ड भी अपने पास रखती थी और डॉक्टर की हर गतिविधि पर नजर रखती थी। डॉक्टर ने इसे अपने साथ डिजिटल अरेस्ट जैसी स्थिति बताया।

12000 रुपए वेतन फिर भी हर महीने लाखों की वसूली

डॉक्टर के अनुसार महिला को अस्पताल से प्रतिमाह 12 हजार रुपए वेतन ऑनलाइन दिया जाता था। इसके बावजूद वह हर महीने लाखों रुपए जबरन वसूलती रही।

डॉक्टर की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर महिला को उसके घर से डिटेन किया गया है। पूछताछ जारी है। हाल ही में डॉक्टर से लिए गए 17 हजार रुपए भी बरामद कर जब्त किए गए हैं। मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है।
रमेश शर्मा, डिप्टी, बाड़मेर वृत्त

Updated on:
23 Jul 2026 06:50 am
Published on:
23 Jul 2026 06:50 am