
बाड़मेर . थार के रेगिस्तान में मिले तेल के अथाह भण्डार ने अब गुजरात के बनासकांठा तक संभावनाओं की उम्मीद जगा दी है। तेल व गैस की खोज के लिए अब नए ब्लॉक का क्षेत्र सांचौर- बाड़मेर बेसिन में 6600 वर्गकिमी होगा। यह बायतु से बनासकांठा तक है। अन्वेषण के लिए पांच सौ से अधिक तेल कुएं खोदे जाएंगे। यह कार्य 2020 तक पूर्ण होगा।
बाड़मेर जिले के 3111 वर्गकिमी क्षेत्र में तेल का उत्पादन वर्ष 2009 से हो रहा है। वर्ष 2015 में आई मंदी से तेल की धार मद्धम हो गई थी लेकिन अब फिर से तेल खोज एवं अन्वेषण प्रारंभ हुआ है। इसके लिए नए ब्लॉक तय हुए हैं जिसमें बाड़मेर, बायतु, शिव, गुड़ामालानी, धोरीमन्ना का क्षेत्र है। जालोर का सांचौर का पूरा इलाका और आगे गुजरात में बनासकांठा तक यह ब्लॉक है। कुल सात ब्लॉक बन रहे हैं जो सीधे इस क्षेत्र में हैं।
इन ब्लॉक में कार्य करने के लिए कंपनियों से बोली आमंत्रित की जा चुकी हैं। कंपनी तय होते ही इन ब्लॉक में खोज प्रारंभ होगी। इसके लिए रिग पहुंचेगी जो अत्याधुनिक उपकरणों से तेल खोज करेगी। करीब पांच सौ तेल कुएं अन्वेषण के लिए खोदे जाएंगे। अनुमानित 10000 करोड़ के करीब राशि इस पर खर्च होनी है।
---
रिफाइनरी के लिए संबल
पचपदरा रिफाइनरी 2021 तक तैयार होनी है और गुजरात रिफाइनरी को अभी बाड़मेर का तेल भी जा रहा है। बाड़मेर से 2021 तक सरकार ने 5 लाख बैरल प्रतिदिन उत्पादन का लक्ष्य तय किया है। एेसे में दोनों रिफाइनरी के लिए यह बढ़ा हुआ क्षेत्र उम्मीद भरा है।
रेगिस्तान में है बड़ी आस
रेगिस्तान में तेल की आस को लेकर अब कंपनियां आश्वस्त हैं। 2002 में रागेश्वरी गैस, 2003 में कामेश्वरी तेल क्षेत्र, 2004 में विश्व की सबसे बड़ी खोज मंगला और साथ में एेश्वर्या, विजया, भाग्यम्, वंदना,शक्ति, मंगला हिल, 2005 में चार, 2006 में 05, 2007 में सरस्वती क्रिस्ट एवं के डब्ल्यू, 2008 में तुकाराम, 2013 में रागेश्वरी, 2014 में 10 तेल क्षेत्र लगातार मिले हैं। 2015 के बाद अन्वेषण की अनुमति नहीं थी। अब तक बाड़मेर सांचौर बेसिन में 38 तेल क्षेत्र तैयार हैं इसमें 10 में तेल उत्खनन हो रहा है और 28 छोटे तेल क्षेत्र तैयार हैं।