
नई नियुक्तियों व काउंसलिंग के बावजूद स्कूलों में शिक्षकों के रिक्त पद तो भर नहीं पाए, अब ग्रामीणों ने तालाबंदी की चेतावनी दी तो माध्यमिक शिक्षा विभाग ने जिला शिक्षाधिकारियों को ही फरमान सुना दिया कि किसी भी हालत में तालाबंदी नहीं हो, इसकी पूर्व तैयारी रखें। संस्था प्रधानों को इसके लिए लगातार ग्रामीणों से संवाद करने को भी कहा गया है। माध्यमिक शिक्षा निदेशक के इस आदेश ने जिला शिक्षाधिकारियों के सामने आफत खड़ी कर दी है। विशेषकर सीमावर्ती क्षेत्र के कई स्कूलों में शिक्षकों के रिक्त पद हैं। ग्रामीण जगह-जगह तालाबंदी की चेतावनी दे चुके हैं। जिले की विभिन्न स्कूलों में शिक्षकों के 2799 पद रिक्त चल रहे हैं।
विद्यालय होंगे चिह्नित
तालाबंदी रोकने के लिए जिला मुख्यालय पर कंट्रोल रूम की स्थापना की जाएगी। कंट्रोल रूम सुबह 8 से दोपहर 1 बजे तक होने वाली तालाबंदी की सूचना देगा। सूचना तत्काल निदेशक माध्यमिक शिक्षा को जाएगी। जिला शिक्षा अधिकारी अपने जिले में एेसे संवेदनशील विद्यालयों को पहले से ही चिन्हित करेंगे। तालाबंदी होने पर जिला शिक्षा अधिकारी स्वयं जाएंगे या जिम्मेदार अधिकारी को भेजेंगे।
यहां स्थिति खराब
उच्च माध्यमिक विद्यालय गिड़ा में चार शिक्षक ही है। रमजान की गफन में पांच, जूनी ऊंदीर में चार, लाम्बड़ा में तीन, नवापुरा में महज दो, लकड़ासर में तीन और पूंजासर में चार शिक्षक है। इन विद्यालयों में पिछले कई सालों से परेशानी है। पिछले साल भी इन स्कूलों में तालेबंदी हुई थी तो विभाग की ओर से आश्वासन देकर खुलवा दिए गए लेकिन शिक्षक यहां फिर भी नहीं पहुंचे।
चौहटन, सेड़वा व गडरारोड़ में पद ज्यादा रिक्त
सीमावर्ती क्षेत्र के सेड़वा, चौहटन और गडरारोड़ में पदरिक्तता सर्वाधिक है। हाल ही में हुई नियुक्तियों में काउंसलिंग में सभी शिक्षकों ने निकटवर्ती विद्यालयों को चुन लिया। इसमें बालोतरा, समदड़ी,कल्याणपुर, पाटोदी व समदड़ी ब्लॉक जोधपुर से नजदीक और सहूलियत के हैं तो यहां तो कम ही रिक्तियां रही है। इसके बाद बाड़मेर में भी सर्वाधिक पद भर लिए गए हैं लेकिन सीमावर्ती क्षेत्रों में शिक्षकों ने जाना पसंद ही नहीं किया।
जिले की स्थिति
ब्लॉक -स्वीकृत -रिक्त पद
बालोतरा 665 140
बाड़मेर 1199 196
बायतु 542 114
चौहटन 576 222
धनाऊ 561 187
धोरीमन्ना 551 148
गडरारोड़ 533 246
गिड़ा 449 149
गुड़ामालानी 502 167
कल्याणपुर 423 91
पाटोदी 269 69
रामसर 480 176
समदड़ी 374 78
सेड़वा 695 340
शिव 560 171
सिणधरी 630 171
सिवाना 568 134
कुल- 9577 2799