बाड़मेर

थानेदार बदल दिए और फाइलों में दफन संगीन मामलों के राज!

- सनसनीखेज मामलों में पुलिस खाली हाथ, हत्या के दो मामले आज भी अनसुलझे-पुलिस के हाथ नहीं लगे सबूत-हत्या, लूट, डकैती के मामलों में भी पुलिस नाकाम
2 min read
• •
Updated: 29 Sep 2018, 10:18 AM IST
mp election 2018 Code of Conduct violation
mp election 2018 Code of Conduct violation

बाड़मेर. जिले में पिछले चार माह में हुई दो हत्याओं व अन्य संगीन अपराधों के मामलों के राज पुलिस खोल नहीं पाई है। अधिकारियों की उदासीनता के चलते मामलों की जांच आगे नहीं बढ़ पाई है। मामलों का खुलासा करने में नाकाम रहे पुलिस अधिकारियों का तबादला भी हो गया है। अब नए थानेदार मामलों की जांच पड़ताल कर रहे हैं।

जिले के सिणधरी, बालोतरा, सदर, कोतवाली व चौहटन थानों में पिछले चार माह में हत्या, नकबजनी व चोरी के बड़े मामलों को खोलने में पुलिस नाकाम रही है। इन पांच थानों के चार थानाधिकारी व जांच अधिकारी भी बदल दिए हैं। इसके बावजूद मामलों के राज नहीं खुलने से खाकी की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लग रहा है। हत्या के दो मामले पुलिस के लिए अनसुलझे बने हुए हैं। हालांकि मामलों में पुलिस अधिकारी तफ्तीश में जुटे हैं।

केस-1

पुजारी की हत्या की अनसुलझी गुत्थी?
सिणधरी थाना क्षेत्र के बामणी गांव में 25 जुलाई की रात लूट के इरादे से पुजारी हरिराम की हत्या कर सोने के जेवरात ले गए। पुलिस ने मामले की जांच को लेकर टीम गठित की लेकिन दो माह बीतने के बावजूद हत्या की गुत्थी नहीं सुलझ पाई है।

केस- 2
हत्या की वारदात उलझी

बालोतरा थाना क्षेत्र के मूंगड़ा रोड स्थित मैदान में 10 सितंबर को युवक महबूब खां पुत्र मूसे खां की हत्या के मामले में पुलिस खुलासा नहीं कर पाई है। आक्रोशित लोगों ने मामले में तत्काल गिरफ्तार की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया पर पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच पाई।
केस- 3

12 लाख की चोरी पर पर्दा
गत 15 जुलाई की रात सदर थाना क्षेत्र के रीको एरिया में एक गोदाम में चोरी हुई। बदमाश गोदाम के ताले तोड़ कर 12 लाख रुपए का सामान उठाकर ले गए। मामला दर्ज हुए करीब दो माह बीत गए हैं लेकिन पुलिस आरोपियों का पता नहीं लगा पाई।

केस- 4

एटीएम कहां गया, किसी को पता नहीं
गत 27 जून की रात चौहटन कस्बे में बीओबी बैंक का एटीएम उखाड़ कर ले जाने का मामला 28 जून को दर्ज हुआ था। पुलिस ने जांच के लिए टीम का गठन किया। लेकिन एटीएम कहां गया इसका पुलिस तीन माह बीतने के बावजूद पता नहीं लगा पाई है।

केस- 5
6.38 लाख रुपए पार हुए, जांच अधिकारी बदले

गत 8 मई को कोतवाली थाने से महज 50 मीटर की दूरी पर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की गांधी चौक शाखा में दिनदहाड़े मुनीम के बैग से 6.38 लाख रुपए बदमाश ने पार किए थे। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। करीब चार माह बीतने के बावजूद पुलिस आरोपी का पता नहीं कर पाई है।

- पुलिस जांच पड़ताल में जुटी

मर्डर के दो मामले ब्लाइंड हैं। पुलिस अधिकारी हर पहलु पर जांच- पड़ताल कर रहे हैं। अलग-अलग लोगों से पूछताछ की जा रही है। अन्य मामलों में पुलिस तफ्तीश कर रही है। उम्मीद करते हैं जल्द ही मामलों का पर्दाफाश होगा।

-मनीष अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक

Updated on:
29 Sep 2018, 10:18 AM IST
Published on: