
Rajasthan : गुड़ामालानी (बालोतरा)। हनीट्रैप, मारपीट और 50 लाख रुपए की रंगदारी मांगने के गंभीर मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी महिला बुधवार अलसुबह गुड़ामालानी थाना पुलिस की हिरासत से फरार हो गई। महिला के थाने से निकलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। करीब 6 घंटे तक पुलिस आरोपी महिला की तलाश में जुटी रही, लेकिन वह लगातार पुलिस को चकमा देती रही। आखिर बाद में पुलिस ने उसे पकड़ लिया। जानकारी के अनुसार आरोपी महिला राई देवी उर्फ रवीना को सरपंच-प्रशासक हरिराम को कथित रूप से हनीट्रैप में फंसाने, वीडियो बनाने, मारपीट करने तथा 50 लाख रुपए की रंगदारी मांगने के मामले में गिरफ्तार किया गया था।
बताया जा रहा है कि महिला सुबह करीब 5.50 बजे पुलिस हिरासत से फरार हो गई। पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी करवाई और संभावित ठिकानों पर तलाश शुरू कर दी। महिला आरोपी के फरार होने के घटनाक्रम से जुड़ा सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में महिला थाने के सामने से पैदल भागती हुई नजर आ रही है। इसके बाद पुलिस की टीमें इलाके में अलग-अलग दिशाओं में रवाना हुईं। रास्तों, आस-पास के इलाकों और संभावित छिपने के स्थानों पर लगातार तलाशी अभियान चलाया गया।
पुलिस ने चप्पे-चप्पे को खंगाला, लेकिन करीब 6 घंटे तक उसका कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार थाने से करीब 3 किलोमीटर दूर कांधी की ढाणी के पास एक सुनसान जगह से महिला आरोपी को पकड़ लिया गया। इसके बाद पुलिस उसे दोबारा थाने लेकर पहुंची और हवालात में बंद किया गया।
महिला आरोपी का पुलिस हिरासत से फरार होना अब पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। जिस महिला पर गंभीर आपराधिक प्रकरण में गिरफ्तारी हुई थी, वह आखिर थाने की सुरक्षा व्यवस्था को भेदकर बाहर कैसे निकल गई? हिरासत में तैनात पुलिसकर्मियों की निगरानी व्यवस्था कैसी थी और फरारी के दौरान किन स्तरों पर चूक हुई, यह बड़ा सवाल है।