बाड़मेर

राजस्थान में युवाओं के लिए खुशखबरी, जलदाय विभाग में 1050 पदों पर होगी भर्ती, जानें योग्यता और आवेदन की प्रक्रिया

जलदाय विभाग में कनिष्ठ अभियंता के रिक्त पदों को भरने के लिए 1050 संविदा सपोर्ट इंजीनियर की भर्ती होगी। इससे पेयजल परियोजनाओं का संचालन बेहतर होगा और युवाओं को रोजगार मिलेगा। भर्ती के लिए BE/डिप्लोमा धारक आवेदन कर सकेंगे।
2 min read
• •
Updated: 25 Jul 2025, 2:44 PM IST
Barmer News
Water Supply Department Recruitment (Patrika Photo)

बाड़मेर: प्रदेश के जलदाय विभाग कार्यालयों में कई वर्षों से कनिष्ठ अभियंताओं के पद बड़ी संख्या में रिक्त हैं। इसका असर पेयजल परियोजनाओं पर पड़ा है, जिससे जल वितरण कार्य सुचारू रूप से नहीं हो पा रहा। नई योजनाएं तैयार और स्वीकृत नहीं हो पाने से हर दिन लाखों लोगों को पेयजल संकट झेलना पड़ता है। अब जल्द ही इन समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद जगी है।


राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड, जयपुर द्वारा संविदा आधार पर सपोर्ट इंजीनियर पदनाम से प्रदेश भर में 1050 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इससे जहां पेयजल व्यवस्थाएं सुधरेंगी, वहीं सैकड़ों युवाओं को रोजगार मिलेगा। बाड़मेर में कनिष्ठ अभियंताओं के 38 पदों में से 13 पद रिक्त हैं, जबकि बालोतरा में 22 में से 17 पद खाली हैं। पूरे प्रदेश में हजारों पद रिक्त हैं।


पेयजल की स्थिति संतोषजनक नहीं


प्रदेश के नगरों, कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की स्थिति संतोषजनक नहीं है। शहरी व ग्रामीण जल योजनाओं के संचालन में बाधाएं मुख्य रूप से रिक्त पदों के कारण उत्पन्न हो रही हैं। जलदाय विभाग कार्यालयों में कनिष्ठ अभियंताओं की भारी कमी है। लोग वर्षों से इन पदों को भरने की मांग कर रहे हैं।


ये कार्य होते हैं कनिष्ठ अभियंताओं के जिम्मे


कनिष्ठ अभियंता विभाग की सभी पेयजल परियोजनाओं के धरातल पर संचालन, टूटी हुई लाइनों की मरम्मत, वंचित लोगों तक जल पहुंचाने के लिए योजनाएं तैयार करने, स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी करने और स्वीकृति के बाद कार्य आरंभ करवाने जैसे दायित्व निभाते हैं।


जानकारी के अनुसार इन नियुक्तियों के लिए आवेदन करने करने वालों में बीई (सिविल, मैकेनिकल), डिप्लोमा (सिविल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल) की योग्यता आवश्यक है। 21 से 40 वर्ष की आयु के युवा आवेदन कर सकेंगे। चयनित युवाओं को 16,900 प्रति माह मानदेय दिया जाएगा।


विभाग में कनिष्ठ अभियंताओं के पद रिक्त हैं। इससे जमीन स्तर पर कार्य प्रभावित होता है। नियुक्तियों से पेयजल परियोजनाओं का संचालन बेहतर होगा।
-हंजारीराम बालवा, अधीक्षण अभियंता, जलदाय विभाग, बाड़मेर


बालोतरा सहित प्रदेश में कनिष्ठ अभियंताओं के पद बड़ी संख्या में रिक्त हैं। सपोर्ट इंजीनियर पदनाम से संविदा पर नियुक्ति के निर्णय से परियोजनाओं का संचालन सुचारू रूप से हो सकेगा।
-छतराराम माली, अधिशाषी अभियंता, जलदाय विभाग, बालोतरा

Updated on:
25 Jul 2025, 2:44 PM IST
Published on: