बाड़मेर

राजस्थान में यहां गौमाता को मिलता है VVIP ट्रीटमेंट, AC-कूलर का मजा ले खाती हैं मीठे-मीठे तरबूज

Barmer News: भारत-पाकिस्तान सीमा पर बसा बाड़मेर पिछले कई दिन से लू और भीषण गर्मी से जूझ रहा है। देह जला देने वाली तपन से इंसान ही नहीं बल्कि जानवरों के हाल बेहाल हैं। हर तरफ गर्मी का हाहाकार है, लेकिन इस मंजर के बीच एक गौशाला में नजारा ही कुछ और नजर आता है।
2 min read
Jun 02, 2025
Barmer Gaushala
गायों की सेवा करते हुए (फोटो- पत्रिका)

ओम माली
बाड़मेर:
थार में इन दिनों पारा 46 डिग्री पार पहुंच गया है। ऐसे में आमजन के साथ पशुओं का जीवन भी प्रभावित हो रहा है। आमतौर पर देखा जाता है कि सरकारी चिकित्सालयों में गर्मी के चलते लोग घरों से पंखे और कूलर लाते हैं, जिससे मरीजों को गर्मी से राहत मिल सके। लेकिन यहां एक चिकित्सालय ऐसा है, जहां गायों के लिए एयर कंडीशन रूम, कूलर और पंखे लगे हैं।

लालाणियों की ढाणी स्थित पथमेड़ा गौ चिकित्सालय में 1100 गायों की सेवा की जा रही है। यहां गायों के लिए एक एयर कंडीशन रूम, 22 कूलर और 100 से अधिक पंखों की व्यवस्था की गई। गायों के लिए बने धनवंतरी वार्ड (कॉटेज वार्ड) में एसी लगा है। यहां बर्न गायों की सेवा की जाती है।

ये हैं गायों के नाम पर 11 वार्ड


वहीं, आईसीयू वार्ड (धनवंतरि वार्ड द्वितीय) में 22 कूलर लगे हुए हैं। यहां पर गंभीर बीमारियों से ग्रसित गायों का उपचार किया जाता है। इतना ही नहीं यहां पर गायों के नाम से अलग-अलग 11 वार्ड बनाए गए हैं। इनमें धनवंतरी वार्ड, सरस्वती वार्ड, सरयू वार्ड, नर्मदा वार्ड, बहुला वार्ड, कामधेनु वार्ड, नंदीश्वर वार्ड, सुरभि वार्ड, समृद्धि वार्ड, अंजना वार्ड और गंगामैया वार्ड शामिल हैं।

एक नजर इधर भी

-कुल 1100 गाय हैं, जिनकी सेवा में 28 लोग लगे रहते हैं

-20 क्विंटल तरबूज और 35 क्विंटल हरा चारा रोजाना खाती हैं

-एक एसी, 22 कूलर, 100 पंखे और दो एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है

रख रहे विशेष ध्यान

पथमेड़ा चिकित्सालय गायों की सेवा के लिए बना है। घायल या बीमार गायों को लाने के लिए दो एंबुलेंस की व्यवस्था है। इन दिनों गर्मी के चलते गायों का विशेष ध्यान रखना पड़ रहा है। गर्मी में खाने में हरी सब्जी, हरा चारा और तरबूज दे रहे हैं, जिससे इन्हें गर्मी में राहत मिल सके। तापमान अधिक होने के कारण कूलर और एसी भी लगाए हैं।
…कंवराज सिंह, व्यवस्थापक

Updated on:
02 Jun 2025 02:12 pm
Published on:
02 Jun 2025 02:09 pm