
Barmer Municipal Body Elections 2026 Reservation Lottery: बाड़मेर नगर निकाय और पंचायतीराज चुनावों में आरक्षण की तस्वीर साफ होने के साथ ही जिले की राजनीति में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। मुख्य पदों की आरक्षण लॉटरी के बाद अब संभावित दावेदारों ने समीकरण साधने शुरू कर दिए हैं। बाड़मेर नगर परिषद सभापति और जिला प्रमुख की सीट इस बार अनारक्षित ओपन रखी गई है।
ऐसे में किसी एक वर्ग तक सीमित रहने के बजाय सभी वर्गों के दावेदार चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर सकते हैं। अनारक्षित सीट होने से राजनीतिक दलों के सामने भी नए समीकरण बनाने की चुनौती रहेगी। वहीं, जिले की एकमात्र नगर पालिका चौहटन में भी अध्यक्ष पद अनारक्षित रखा गया है। यहां पहली बार नगर पालिका चुनाव होंगे। ऐसे में दोनों प्रमुख दलों के लिए यह चुनाव नई राजनीतिक जमीन तैयार करने का अवसर होगा।
बाड़मेर नगर परिषद में वर्तमान में 55 वार्ड हैं। पिछले तीन चुनावों से कांग्रेस का बोर्ड रहा है। हालांकि, इस बार कांग्रेस के सामने अंदरूनी खींचतान और गुटबाजी बड़ी चुनौती बनी हुई है। ऐसे में कांग्रेस को चुनाव से पहले संगठनात्मक एकजुटता कायम करनी होगी। दूसरी ओर भाजपा इस बार अपना बोर्ड बनाने के लिए कमर कस रही है। भाजपा विकास कार्यों और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को मुद्दा बनाकर मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है।
चौहटन नगर पालिका में पहली बार चुनाव होंगे। क्षेत्र में भाजपा और कांग्रेस दोनों के लिए यह चुनाव राजनीतिक पकड़ मजबूत करने का मौका होगा। विधायक आदूराम मेघवाल के क्षेत्र में होने के कारण भाजपा यहां अपनी मजबूत स्थिति बनाने का प्रयास करेगी। वहीं, कांग्रेस भी संगठन के आधार पर मुकाबले की तैयारी में जुटेगी।
आरक्षण की स्थिति स्पष्ट होने के बाद अब राजनीतिक दलों ने चुनावी रणनीति बनानी शुरू कर दी है। भाजपा विकास कार्यों और सरकार की उपलब्धियों के सहारे मतदाताओं तक पहुंचने की तैयारी कर रही है। वहीं, कांग्रेस रोजगार, पेपर लीक सहित अन्य मुद्दों को लेकर भाजपा को घेरने की रणनीति बना रही है।
जिला परिषद के गठन के बाद से बाड़मेर में अब तक भाजपा अपना जिला प्रमुख नहीं बना पाई है। पिछले पंचायतीराज चुनाव में भाजपा के पास बहुमत होने के बावजूद कांग्रेस ने राजनीतिक जोड़-तोड़ के जरिए जिला प्रमुख का पद हासिल कर लिया था। अब बालोतरा जिला बनने के बाद जिला परिषद के समीकरण बदल गए हैं। भाजपा के सामने पहली बार जिला प्रमुख की कुर्सी तक पहुंचने की चुनौती है।
बाड़मेर से अलग होकर बने बालोतरा जिले में इस बार निकाय और पंचायतीराज चुनाव पहली बार नए राजनीतिक समीकरणों के बीच होंगे। जिले में बालोतरा नगर परिषद के साथ जसोल, सिवाना, समदड़ी, सिणधरी, धोरीमन्ना और गुड़ामालानी में पहली बार नगर निकाय चुनाव होंगे। वहीं, जिला परिषद का भी पहली बार चुनाव होगा। आरक्षण की तस्वीर साफ होने के बाद राजनीतिक संगठनों ने अपने-अपने समीकरण साधने शुरू कर दिए हैं।
बालोतरा नगर परिषद सभापति पद ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित है। नवगठित जसोल नगर पालिका अध्यक्ष पद ओबीसी महिला के लिए आरक्षित है। सिणधरी और समदड़ी एससी वर्ग के लिए आरक्षित हैं, जबकि धोरीमन्ना एससी महिला वर्ग के लिए आरक्षित है। सिवाना में अध्यक्ष पद अनारक्षित सामान्य रखा गया है। वहीं, गुड़ामालानी में महिला वर्ग के लिए आरक्षित है। जिला परिषद में प्रमुख का पद एसटी वर्ग के लिए आरक्षित है। ऐसे में पहली बार बनने वाली जिला परिषद में एसटी वर्ग का प्रमुख चुना जाएगा।
बालोतरा नगर परिषद में कुल 55 वार्ड हैं। सभापति पद ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित होने से दोनों प्रमुख दलों में ओबीसी दावेदारों के बीच से मजबूत चेहरे की तलाश होगी। नए जिले की मुख्य नगरी होने के कारण यहां का चुनाव पूरे जिले की राजनीति पर असर डाल सकता है। नवगठित जिले की नगर पालिकाओं में पहली बार चुनाव होने के कारण स्थानीय स्तर पर राजनीतिक संगठनों के सामने प्रत्याशी चयन से लेकर बोर्ड गठन तक नए समीकरण साधने की चुनौती होगी। आरक्षण के कारण कई सीटों पर दावेदारों का दायरा तय हो गया है।
| श्रेणी | वार्ड संख्या |
|---|---|
| एससी | 08 |
| एसटी | 01 |
| ओबीसी | 11 |
| अनारक्षित ओपन वर्ग | 35 |
| कुल वार्ड | 55 |
| श्रेणी | वार्ड संख्या |
|---|---|
| एससी कुल | 04 |
| एसटी कुल | 00 |
| ओबीसी कुल | 04 |
| अनारक्षित ओपन वर्ग | 12 |
| कुल वार्ड | 20 |
| नगर परिषद/पालिका | कुल वार्ड | एससी | एसटी | ओबीसी | अनारक्षित |
|---|---|---|---|---|---|
| बालोतरा नगर परिषद | 55 | 07 | 02 | 11 | 35 |
| सिवाना नगर पालिका | 25 | 05 | 03 | 04 | 13 |
| सिणधरी नगर पालिका | 20 | 05 | 03 | 01 | 10 |
| समदड़ी नगर पालिका | 25 | 05 | 01 | 05 | 14 |
| जसोल नगर पालिका | 20 | 03 | 01 | 04 | 12 |
| गुड़ामालानी पालिका | 20 | 03 | 01 | 04 | 12 |
| धोरीमन्ना पालिका | 20 | 07 | 00 | 03 | 10 |