
गुड़ामालानी (बाड़मेर)। गुड़ामालानी क्षेत्र से अहमदाबाद ले जाई गई एक युवती ने कथित तौर पर देह व्यापार से जुड़े नेटवर्क और एक तांत्रिक के साथ गलत गतिविधियों में शामिल किए जाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का आरोप है कि उसे रील शूट और वीडियो शूट के बहाने एक दलाल के माध्यम से अहमदाबाद ले जाया गया, जहां उसके साथ कथित तौर पर गलत हरकतें की गईं।
पीड़िता ने गुड़ामालानी थाने में परिवाद पेश कर पूरे मामले की शिकायत की। उसने पुलिस से मामले की गहन जांच करने, कथित नेटवर्क का पता लगाने और संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता ने दावा किया कि क्षेत्र की कई युवतियां कथित तौर पर इस जाल में फंस चुकी हैं। हालांकि इन आरोपों की पुलिस ने पुष्टि नहीं की है। पूरे मामले की वास्तविकता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पीड़िता के अनुसार गुड़ामालानी, रामजी का गोल और बाड़मेर क्षेत्र की युवतियों को कथित तौर पर दलालों के माध्यम से अहमदाबाद भेजा जा रहा है। वहां एक तांत्रिक के साथ बैठाकर कथित रूप से गलत गतिविधियां करवाई जाती हैं और इसके बदले पैसे दिए जाते हैं। आशंका जताई कि क्षेत्र में इस प्रकार का कोई बड़ा गिरोह सक्रिय हो सकता है, जो सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने वाली युवतियों को निशाना बनाता है। युवतियों को सोशल मीडिया प्रमोशन, रील और वीडियो शूट के साथ अधिक पैसे दिलाने का लालच देकर दूसरे शहरों में ले जाया जाता है।
पीड़िता ने बताया कि उसे भी रील और वीडियो शूट का काम दिलाने की बात कहकर अहमदाबाद ले जाया गया था। वहां पहुंचने के बाद परिस्थितियां संदिग्ध लगीं और उसके साथ कथित तौर पर गलत हरकतें की गईं। उसे किसी गंभीर अनहोनी का अंदेशा हुआ तो वह वहां से भागने में सफल रही।
जांच जारी है
थानाधिकारी गीता कुमारी ने बताया कि युवती की ओर से परिवाद प्राप्त हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच और सत्यापन शुरू कर दिया गया है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।