कार्यकर्ता से रिफायनरी शिलान्यास समारोह को ऐतिहासिक बनाने में जुटने का आह्वान- विधानसभा व मण्डल बार चर्चाकर सौंपी जिम्मेदारियां
-
बालोतरा.
रिफाइनरी कागज में नहीं धरती पर लगेगी। इसे लेकर जो असमजंस था, वह दूर हो गया है। कार्यकर्ता शिलान्यास कार्यक्रम को सफल बनाने में जुट जाएं। राजस्व राज्यमंत्री अमराराम चौधरी ने मंगलवार को नगर के लघु उद्योग भवन में भाजपा की जिला बैठक को संबोधित करते हुए यह बात कही।
उन्होंने कहा कि रिफाइनरी को लेकर पूर्व सरकार का किया अनुबंध, राज्य के लिए बड़े घाटे का सौदा था। इसे लेकर वर्तमान भाजपा सरकार ने नया अनुबंध किया। इससे प्रदेश को करोड़ों का लाभ होगा। प्रदेश अध्यक्ष ने शिलान्यास कार्यक्रम में तीन लाख लोगों के शामिल होने की बात कही है, लेकिन कार्यकर्ताओं की मेहनत पर वे विश्वास दिलाते हैं कि इसमें पांच लाख लोग शामिल होंगे। कार्यकर्ता इसे लेकर तैयारियों में जुट जाएं। बायतु विधायक कैलाश चौधरी ने कहा कि जिले में रिफाइनरी स्थापना को लेकर सर्व प्रथम भाजपा सरकार ने शुरूआत की थी। प्रदेश में सत्ता परिवर्तन पर कांग्रेस ने इसे अटकाए रखा। दिखावे के लिए चुनाव से चार दिन पूर्व शिलान्यास किया, लेकिन प्रदेश भाजपा सरकार अब पचपदरा में रिफाइनरी लगाएगी। भाजपा जिला प्रभारी व यूआईटी जोधपुर चैयरमेन डॉ. महेन्द्रसिंह राठौड़ ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के आह्वान पर रिफाइनरी शिलान्यास कार्यक्रम को सफल बनाने में कार्यकर्ता जोर-शोर से जुट जाएं। प्रत्येक विधानसभा, मण्डल वार चर्चा कर कार्यकर्ताओं का लक्ष्य निर्धारित करें। भाजपा प्रदेश मंत्री कैलाश मेघवाल ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में संसदीय सचिव लादूराम विश्नोई, चौहटन विधायक तरूणराय कागा, सिवाना विधायक हमीरसिंह भायल, पूर्व विधायक कानसिंह कोटड़ी, भाजपा नगर उपाध्यक्ष अमराराम सुंदेशा मंचासीन अतिथि थे। इस अवसर पर पूर्व विधायक हरिसिंह सोढ़ा, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप पालीवाल, पर्वतसिंह राठौड़, आदूराम मेघवाल, कानसिंह राजपुरोहित बिस्सू, कल्याणपुर प्रधान हरीसिंह उमरलाई,भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष बाबूसिंह राजगुरू, गणपत बांठिया, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष विजयलक्ष्मी राजपुरोहित, दौलाराम कुआं कल्याणपुर, जिला परिषद सदस्य रेखा मेघवाल, उम्मेदसिंह आराबा सहित जिले भर से बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे। भाजपा जिलाध्यक्ष जालमसिंह रावलोत ने आभार ज्ञापित व संचालन भाजपा जिला महामंत्री कैलाश कोटडिय़ा, जिला मंत्री भवानीसिंह टापरा ने किया।