बाड़मेर

जयकारों से गूंजी धोरीमन्ना की धरा, आज होगी प्राण प्रतिष्ठा

धार्मिक कार्यक्रम हुए आयोजित

2 min read
धोरीमन्ना में आयोजित कार्यक्रम में उमड़ा जनसैलाब।

धोरीमन्ना में शांतिनाथ जिनालय अंजनशलाका प्राण प्रतिष्ठा पंचान्हिका महोत्सव के चौथे दिन शनिवार को आचार्य मनोज्ञसूरीश्वर की निश्रा, कमलप्रभसागर, साध्वी विद्युतप्रभाश्री, हेमरत्नाश्री, विनितयशाश्री, श्रुतदर्शनाश्री, मुक्तांजनाश्री, विनयगुणाश्री, साध्वी कैवल्यप्रियाश्री आदि ठाणा के सान्निध्य में कई धार्मिक अनुष्ठान हुए। शांतिनाथ जैनश्री संघ के अध्यक्ष बाबूलाल लालण व महामंत्री गौतमचन्द सेठिया ने बताया कि शनिवार को नवपद की पूजा, अंजनशलाका विधि विधान, देव-देवी का पूजन, बड़ी सांझी कार्यक्रम में संगीतकार नरेन्द्र वाणीगोता मुम्बई भजनों की प्रस्तुतियां दी।

निकला वरघोड़ा, चहुं और खुशी का माहौल
शांतिनाथ धर्मशाला से आचार्य मनोज्ञसूरीश्वर की निश्रा, साधु-साध्वीवृंद की पावन सानिध्य में शांतिनाथ दीक्षा कल्याणक के वर्षीदान वरघोड़े का आयोजन किया गया। वरघोड़े का नगर में जगह-जगह पर पुष्प वर्षा के साथ स्वागत हुआ। वरघोड़ा धर्मसभा स्थल हस्तिनापुर नगरी पहुंचा। यहां चढ़ावे की बोलियां बोली गई। धर्मसभा को संबोधित करते हुए आचार्य मनोज्ञसूरीश्वर ने कहा कि आज चहुं और खुशी का माहौल है। परमात्मा का वरघोड़ा निकला जिसका सकल समाजसाक्षी बना है। धर्म संस्कारों की जननी है। मन्दिर की ध्वजा दर्शन मात्र से ही बिगडे कार्य बन जाते हैं। पूर्व मंत्री हेमाराम चौधरी का जैन श्री संघ ने अभिनन्दन किया। हेमाराम चौधरी ने कहा कि मेरे राजनीति के 44 साल में जैन समाज के प्रतिष्ठा कार्यक्रम का पहली बार ऐसा माहौल देखा। उन्होने कहा कि जैन समाज के साधु-सन्तों जैसी तपस्या कोई धर्म कर ही नहीं सकता। ऐसे साधु-सन्तों के आशीर्वाद से ही पुण्य की प्राप्ति होती है। जैन श्री संघ के ट्रस्टी धनराज लूणिया व भैरचंदगांधी ने बताया कि कार्यक्रम में रडु मठ के शंकरपुरी, नाकोड़ा ट्रस्ट उपाध्यक्ष लूणकरण बोथरा, धोरीमन्ना सरपंच मनोहर बिश्नोई ने शिरकत की। संचालन बाबूलाल छाजेड़ ने किया।

आज जिनालय की होगी प्राण प्रतिष्ठा
प्रतिष्ठा समिति के ओम गांधी व धनराज बोथरा ने बताया कि रविवार सुबह 7.30 बजे शुभ मुहूर्त में माणक स्तंभारोपण-तोरण विधान, परमात्मा की प्रतिष्ठा, देव-देवी प्रतिमाओं की प्रतिष्ठा होगी। दोपहर में शांति स्नात्र महापूजन, रात्रि में नरेन्द्र वाणीगोता मुम्बई भक्ति संघ्या में प्रस्तुतियां देंगे।

Published on:
11 Feb 2024 12:44 am
Also Read
View All