बाड़मेर

कांगेस रैली में भाग लेकर लौट रहे लोगों की बस जातरुओं से भरी बस से टकराई, चार की मौत, तीस घायल

https://www.patrika.com/barmer-news/
2 min read
Sep 06, 2018
Road accident, four deaths
Road accident, four deaths

बालोतरा. कांगेस रैली के बाद हुई दुर्घटना के चलते अफरा-तफरी मच गई। एक साथ तीस से अधिक घायल अस्पतालों में पहुंचे तो भीड़ को नियंत्रित करना मुश्किल हो गया। इधर हाइवे पर भी करीब चालीस मिनट तक जाम लगा रहा।


दुर्घटना की जानकारी मिलने पर पचपदरा थानाधिकारी नेमाराम चौधरी, उपनिरीक्षक संजना बेनीवाल के नेतृत्व में पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंचा। घायलों को बालोतरा के राजकीय नाहटा अस्पताल, बाबा रामदेव हॉस्पीटल व हितकारी हॉस्पीटल पहुंचाया गया। नाहटा अस्पताल में चिकित्सकों ने चार जनों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर घायलों को निजी, नाकोड़ा ट्रस्ट व एम्बुलेंस से जोधपुर रैफर किया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाने के बाद घटनास्थल से लोगों की भीड़ को हटाया।

हाईवे पर लगा जाम
दुर्घटना के बाद हाइवे पर करीब 40 मिनट तक जाम लग गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। इसके बाद पुलिस ने यातायात सुचारु करवाया।

जनप्रतिनिधि पहुंचे अस्पताल
दो बसों की दुर्घटना में एक बस कांग्रेस की संकल्प रैली की थी। यह बस रैली संपन्न होने के बाद पचपदरा से सिणधरी की तरफ जा रही थी। बस में सवार सिणधरी तहसील क्षेत्र के लोग बताए जा रहे है। दूसरी बस गुजरात से रामदेवरा जा रही थी। इस बस में सवार लोग रामदेवरा दर्शन करने जा रहे थे। जानकारी पर पूर्व सांसद हरीश चौधरी, गोपाराम मेघवाल, कांग्रेस कमेटी जिलाध्यक्ष फतेह खां, पूर्व विधायक मदन प्रजापत, पाटोदी प्रधान रशीदा बानो समेत कई जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे।

यह हुए घायल
जोराराम पुत्र कानाराम, तुलसाराम पुत्र नवलाराम, मांगाराम पुत्र आदूराम, रामाराम पुत्र रावताराम, चिमनाराम पुत्र फूसाराम, अचलाराम पुत्र सूरताराम, चैनाराम पुत्र रायमल, दौलाराम पुत्र कुंभाराम, डालूराम पुत्र लिखमाराम, ठाकराराम पुत्र चौखाराम, रावताराम पुत्र धुड़ाराम, केहराराम पुत्र दुर्गाराम, दूदाराम पुत्र जयराम, सवाईराम पुत्र हरदानराम, रामाराम पुत्र वालाराम, हरदानाराम पुत्र उदाराम व चौखाराम पुत्र दीपाराम, लक्ष्मणसिंह, रिड़मलराम निवासी खारा महेचान, नरेश पुत्र मानाराम निवासी सिणधरी, लक्ष्मण पुत्र कोदरराम, खीमसिंह पुत्र शिवसिंह, मोहन पुत्र पृथ्वी भाई, किशना भाई पुत्र भीमा भाई, सोबी बेन पत्नी नवजी भाई, नवजी भाई पुत्र कुबेर भाई, लीला बेन पत्नी प्रताप भाई, सविता बेन पत्नी शंकर भाई, शंकर भाई पुत्र झूमा भाई, गणेश पुत्र पूंजा भाई, सूजी बेन, शारदा बेन, राजू भाई, वजा भाई, कालू भाई समेत कई जने घायल हो गए।

Published on:
06 Sept 2018 09:26 am