बाड़मेर

PM मोदी के आरोपों पर पायलट का जवाब; कहा- पहली बार ऐसा होते हुए देखा है, जानिए किन बातों का किया जिक्र

Lok Sabha Elections 2024: कांग्रेस नेता सचिन पायलट (Sachin Pilot) ने पीएम मोदी (PM Modi) के कई आरोपों का जवाब दिया। जानिए मीडियाकर्मियों द्वारा उठाए गए भ्रष्टाचार और परिवारवाद के सवाल पर पायलट की प्रतिक्रिया।
2 min read
• •
Updated: 3 Apr 2024, 4:32 PM IST
sachin-pilot-responded-to-pm-modi-allegations-of-corruption-and-nepotism-on-congress
Sachin Pilot

बाड़मेर। कांग्रेस नेता सचिन पायलट बुधवार को बाड़मेर-जैसलमेर लोकसभा सीट से पार्टी प्रत्याशी उमेदाराम बेनीवाल के नामांकन कार्यक्रम में पहुंचे, जहां उन्होंने मीडियाकर्मियों के सवालों के जवाब दिए। 2 अप्रैल की रैली में PM मोदी ने कांग्रेस पार्टी पर भ्रष्टाचार और परिवारवाद का आरोप लगाया था। इन आरोपों पर जब मीडिया ने पायलट से सवाल पूछा तो उन्होंने जवाब दिया कि आमतौर पर राजनीति में विपक्ष सरकार पर सवाल उठाता है, लेकिन मैं पहली बार ऐसा देख रहा हूं जब सत्ता पक्ष विपक्ष पर सवाल उठा रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार का पिछले 10 साल का रिपोर्ट कार्ड देखने के बाद राजस्थान समेत देश की जनता ने मन बना लिया है कि बदलाव जरूरी है।

परिवारवाद के सवाल पर पायलट ने कहा कि ऐसा नहीं है कि बीजेपी नेताओं के बेटे राजनीति में नहीं हैं। उदाहरण के तौर पर उन्होंने राजस्थान की पूर्व सीएम वसुंधरा राजे के बेटे दुष्यंत सिंह, हिमाचल प्रदेश के पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल के बेटे अनुराग ठाकुर और छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम रमन सिंह के बेटे अभिषेक सिंह का नाम लिया।

उन्होंने 400 पार के दावे पर भी प्रतिक्रिया दी। पायलट ने कहा कि अगर बीजेपी को खुद पर भरोसा होता तो विपक्षी नेताओं को अपनी पार्टी में शामिल नहीं करता। जिस तरह से बीजेपी, कांग्रेस के नेताओं को पार्टी में शामिल कर रही है उससे पता चलता है कि उन्हें खुद पर भरोसा नहीं है। उन्होंने कहा कि इस बार राजस्थान में जमीनी हालात अलग हैं। लगातार लोग कांग्रेस से जुड़ रहे हैं, नतीजे के बाद सब कुछ साफ हो जाएगा।

गौरतलब है कि मंगलवार को PM मोदी राजस्थान के दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने कहा कि पिछले 60 सालों में कांग्रेस ने जो पाप किए हैं, उसे धोने में जुटा हूं। पीएम ने कांग्रेस पर परिवारवाद-भ्रष्टाचार जैसे गंभीर आरोप लगाए। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि देश की हर बीमारी की जड़ कांग्रेस है। उन्होंने कहा कि देश की कोई भी बड़ी समस्या दखेंगे तो उसकी जड़ में कांग्रेस पार्टी ही नजर आएगी।

Published on: