
-
बालोतरा.
शहर में यातायात के दबाब पर व्यववस्था पहले से ही ठीक नहीं है। इस पर मुख्य मार्गों पर संचालित हो रहे अस्थायी निजी बस स्टैण्ड कोढ़ में खाज साबित हो रहे हैं। यहां सवारियों के इंतजार में घंटों बसों के खड़े रहने पर राहगीरों, वाहन चालकों को हर दिन परेशानी उठानी पड़ती है। कई बार प्रशासन को अवगत करवाने के बावजूद इस पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। शहर में वाहनों की भीड़ पर यातायात व्यवस्था पहले से ही पटरी से नीचे उतरी हुई है। इस पर कबीर आश्रम, रेलवे द्वितीय फाटक, बिजली घर के सामने, धान मण्डी के बाहर सहित अन्य स्थानों पर संचालित निजी बस स्टैण्ड से वाहन चालकों व राहगीरों का सुख चैन छीन गया है। सवारियों के इंतजार में बसें यहां एक से सवा घंटे तक ठहरती हैं। इस पर बिक्री को लेकर इनके इर्द-गिर्द बड़ी संख्या में फल, सब्जी, चना, मंूगफली आदि के हाथ ठेले खड़े रहते हंै। इससे अवरूद्ध मार्ग पर आवागमन में वाहन चालकों, राहगीरों को अधिक परेशानी उठानी पड़ती है। थोड़ी सी असावधानी पर हादसे होते हैं। परेशान लोग व जनप्रतिनिधि कईबार प्रशासन को समस्या से अवगत करवाकर इन्हें यहां से हटाने की मांग कर चुके हैं, लेकिन प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा।
लम्बे समय से समस्या- यह समस्या शहर में लग्बे समय से है। बावजूद इसके समाधान को लेकर प्रशासनिक अमला, यातायात पुलिस कुछ नहीं कर पा रहे हैं।
प्रशासन नहीं कर रहा कार्रवाई- नगर के व्यस्ततम मार्गों पर संचालित निजी बस स्टैण्ड हादसों की वजह बन रहे हंै। इसके बावजूद प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। राहगीरों का पैदल गुजरना मुश्किल हो गया है।
- गोपाल माली
निजी बस स्टैण्ड हटाएं- प्रशासन अविलम्ब सभी निजी बस स्टैण्ड मुख्य सड़क से हटाएं। चालकों को यहां बसें नहीं खड़ी करने के लिए पाबंद करें। तेज गति से भागते वाहनों पर किसी दिन बड़ा हादसा घटित हो सकता है।- दिनेश पुंगलिया