
धोरीमन्ना/बाड़मेर. बाड़मेर-अहमदाबाद नेशनल हाइवे-68 पर सोमवार को दो अलग-अलग भीषण सड़क हादसों में तीन जनों की मौके पर मौत हो गई। जबकि 6 जने गंभीर घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद रैफर किया।
धोरीमन्ना थाना पुलिस के अनुसार लुखू भाखरी के पास सरकारी शराब से भरी पिकअप व कैंपर की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसें में कैंपर चालक गोरधनराम(60) पुत्र लिखमाराम निवासी धोरीमन्ना, व पिकअप चालक मनमोहन पुत्र मलाराम निवासी जाखड़ों का तला खड़ीन की मौके पर मौत हो गई।
जबकि अन्य पिकअप सवार मांगीलाल पुत्र चनणाराम गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे एम्बुलेंस की मदद से राजकीय अस्पताल पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद गुजरात रैफर किया। हादसें की सूचना मिलने पर धोरीमन्ना थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
क्षतिग्रस्त वाहनों में फंस गए शव
पिकअप-बोलेरो के बीच इतनी भंयकर टक्कर हुई थी कि दोनों वाहनों के परचखे उड़ गए थे। दुर्घटना में दोनों वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने पर वाहन चालक फंस गए। पुलिस व ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत कर बाद दोनों शव बाहर निकाले तथा आवागमन सुचारू करवाया। दोनों शवो को स्थानीय सीएचसी की मोर्चरी में रचावाया गया। जहां परिजनों के पहुंचने पर सुपुर्द किया।
सड़क पर बिखर गई शराब
हादसें के दौरान पिकअप में राजस्थान आबकारी विभाग की सरकारी शराब भरी थी। वाहनों की आमने-सामने टक्कर होने पर शराब बीच सड़क मार्ग पर बिखर गई। पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क मार्ग से हटाकर यातायात सुचारू करवाया।
जातरूओं की अनियंत्रित कार पलटी
धोरीमन्ना क्षेत्र के खत्रियों की बेरी के पास सोमवार अलसुबह रामदेवरा जातरूओं से भरी कार अनियंत्रित होकर पलट गई हादसें में एक युवक की मौत हो गई। 5 जने घायल हो गए। कार में सवार जातरू रामदेवरा से दर्शन कर गुजरात की तरफ लौट रहे थे।
जानकारी अनुसार कार में सवार मगा भाई (68)पुत्र मोती भाई की मौके पर मौत हो गई। अन्य कार में सवार नरसिंग भाई, रावल सेध्दा, सतीश भाई, ठाकुर दशरथ भाई, ठाकुर रमेश भाई गंभीर घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के गुजरात रैफर किया।