बाड़मेर

जिला अस्पताल पर ताला।, भटकते रहे मरीज

-बेआसरा पशुओं के घुसने के बाद नए परिसर में ओपीडी के बाद लग रहा ताला-इमरजेंसी चिकित्सक व पर्ची के लिए परेशानी
2 min read
• •
Updated: 22 Nov 2018, 9:07 AM IST
Trouble for the emergency physician and slip
Trouble for the emergency physician and slip

बाड़मेर. अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों को बुधवार को भटकना पड़ा। दरअसल ईद मिलादुन्नबी का अवकाश होने के कारण ओपीडी सुबह 9 से 11 बजे तक ही थी। इसके बाद अस्पताल के नए परिसर को ताला लगा दिया गया। इस दौरान यहां आने वाले मरीज ताला होने पर इधर-उधर भटकते रहे।

जिला अस्पताल में दोपहर बाद आने वाले मरीजों का यहां ताला मिलने से परेशानी हुई। अस्पताल में आने वाले मरीज इमरजेंसी के लिए भी इधर-उधर भटकते रहे। यहां आने वाले अधिकांश मरीज सीधे ही मुख्य अस्पताल की ओर जा रहे थे, लेकिन दरवाजा बंद होने पर निराश लौटे। आसपास पूछने पर उन्हें इमरजेंसी की जानकारी मिली।

पर्ची के लिए फिर मशक्कत

ओपीडी में दिखाने वाले मरीजों को नए परिसर में पर्ची मिलती है। इसके चलते कई लोग पर्ची के लिए अस्पताल की ओर आते-जाते रहे, लेकिन ताला लगा होने से अन्य लोगों को पर्ची का पूछते मिले।

बाद में जानकारी मिली कि इमरजेंसी के आगे के कक्ष की ओर अलग से पर्ची काउंटर स्थापित है। वहीं इसके पास ही इमरजेंसी चिकित्सक भी बैठते हैं, लेकिन यह जानकारी मरीजों को नहीं मिलने से वे भटकते रहे।

मरीजों को हुई परेशानी

अस्पताल के ताला लगाने के बाद यहां पर किसी तरह की सूचना नहीं लगाई की पर्ची कहां मिलेगी। इसके चलते मरीज और परिजन यहां परेशान हुए। अस्पताल प्रशासन ने केवल ताला लगाकर इतिश्री करते हुए मरीजों को उनको हाल पर छोड़ दिया।

इसलिए लगा रहे ताला

जानकारी में सामने आया है कि पिछले दिनों ओपीडी में बेआसरा पशु घुस गए तथा नुकसान कर दिया। अस्पातल प्रशासन ने इससे निजात पाने के लिए ताला लगाना शुरू कर दिया, जबकि इसी कक्ष में पूछताछ कक्ष है। जहां से मरीजों को जानकारी मिल सकती है।

इस परिसर की सुरक्षा को लेकर भी ओपीडी के बाद कोई व्यवस्था नजर नहीं आई। मरीजों को यहां कोई जानकारी देने वाला भी नहीं था कि चिकित्सक और पर्ची की व्यवस्था कहां पर मिलेगी।

Published on: