बाड़मेर

Barmer: आधी रात प्रेमिका से मिलने पहुंचा प्रेमी, ग्रामीणों ने बनाया बंधक, दाढ़ी-मूंछ-बाल काटे, रोती रही लड़की

Barmer News: बाड़मेर के एक गांव में युवती से मिलने पहुंचे युवक को ग्रामीणों ने पकड़कर रातभर बंधक बनाए रखा। आरोप है कि युवक के हाथ बांधकर उसके बाल, दाढ़ी, मूंछ और भौहें तक काट दी गईं।
2 min read
May 19, 2026
Barmer News
एआई तस्वीर

बाड़मेर। सदर थाना क्षेत्र के एक गांव में युवती से मिलने पहुंचे युवक को ग्रामीणों ने पकड़कर रातभर बंधक बनाए रखने का मामला सामने आया है। आरोप है कि ग्रामीणों ने युवक के हाथ रस्सी से बांध दिए और उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया। इस दौरान युवक के बाल, दाढ़ी, मूंछ और यहां तक कि भौहें भी काट दी गईं। घटना का वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू कर दी।

यह वीडियो भी देखें

रस्सी से बांधकर बंधक बना

जानकारी के अनुसार युवक और युवती के गांवों के बीच करीब 30 से 32 किलोमीटर की दूरी बताई जा रही है। प्रेमी युवक रात करीब एक बजे प्रेमिका से मिलने उसके गांव के पास पहुंचा था। दोनों एक स्थान पर बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान गांव के कुछ युवक वहां पहुंच गए और दोनों को पकड़ लिया। आरोप है कि ग्रामीण युवक को जबरन अपने साथ ले गए और उसके हाथ रस्सी से बांधकर बंधक बना लिया। बताया जा रहा है कि इस दौरान युवती रोते हुए लगातार दोनों को छोड़ने की गुहार लगाती रही, लेकिन वहां मौजूद लोगों ने उसकी एक नहीं सुनी। आरोपियों ने कैंची मंगवाकर युवती के सामने ही युवक के सिर के एक तरफ के बाल काट दिए।

दाढ़ी और मूंछ काटी

इसके बाद उसकी दाढ़ी और मूंछ भी एक तरफ से काट दी गई। इतना ही नहीं, युवक की भौहों के बाल तक काट दिए गए। इस दौरान वहां मौजूद कुछ लोग वीडियो भी बनाते रहे। ग्रामीणों ने युवक को गांव में दोबारा आने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। जानकारी के अनुसार युवक और युवती को करीब पांच घंटे तक बंधक बनाकर रखा गया। सुबह करीब छह बजे युवक को वहां से उसके गांव की ओर रवाना कर दिया गया। घटना के बाद युवक और युवती दोनों सहमे हुए बताए जा रहे हैं।

सदर थाना पुलिस के अनुसार वायरल वीडियो के आधार पर युवक और युवती की पहचान कर ली गई है। मामले की जांच के लिए पुलिस टीम युवक के गांव भेजी गई है। दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। पुलिस का कहना है कि अब तक किसी पक्ष की ओर से कोई लिखित रिपोर्ट नहीं दी गई है, लेकिन वायरल वीडियो और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल में जुटी हुई है।

Updated on:
19 May 2026 08:40 pm
Published on:
19 May 2026 08:39 pm