
सफाई कर्मियों ने जताया विरोध, नगर परिषद के बाहर हुए जमा
बाड़मेर. कलक्टर साहब आपकी निगरानी में भर्ती हुई फिर भी एकल, परित्यक्ता एवं विकलांगों की नहीं सुनी। भर्ती करवाने से पहले सर्वे तो करवा लेते। भर्ती में नंबर आने की आस थी वह भी अधूरी रह गई। इतना कहते ही नगर परिषद भर्ती में आवेदन करने वाली चंद्रा फफक फफक कर रो पड़ी।
नगर परिषद में सफाई कर्मियों की भर्ती में अन्य जाति के लोगों के चयन से नाराज वाल्मिकी समाज के लोगों ने बुधवार को नगर परिषद के बाहर प्रदर्शन कर रोष प्रकट किया। समाज के लोगों ने भर्ती में धांधली का आरोप लगाते हुए पुन: सर्वे करवाने की मांग की।
अनुभव पत्र की नहीं हो रही जांच
नगर परिषद के बाहर बैठे समाज के लोगों ने कहा कि भर्ती में अन्य जाति वर्ग के चयनित अभ्यर्थियों के अनुभव पत्र की जांच नहीं हो रही है जबकि वाल्मिकी समाज के अभ्यर्थियों के आवेदनों की जांच हो रही है। सिर्फ वाल्मिकी समाज के अभ्यर्थियों का ही चयन निरस्त क्यों किया गया है। भर्ती के बाद तीन लोगों को सूची से हटाने का भी विरोध किया।
इस दौरान प्रकाश, रेखा, शोभा, राखी, चंद्रावती, लता, कूंपाराम, सुरेश कुमार सहित कई लोग मौजूद रहे।
और इधर...
शिक्षकों का जयपुर में धरना
बाड़मेर. राजस्थान शिक्षा सेवा प्राध्यापक संघ रेसला के जोधपुर संभाग के पदाधिकारियों ने जयपुर में विधानसभा के सामने धरना दिया। जिला प्रवक्ता तनवीरसिंह डऊकिया ने बताया कि जोधपुर संभाग के शिक्षकों ने प्रधानाचार्य पदोन्नति में संख्यात्मक अनुपात लागू करने, वेतन कटौती निरस्त करने, पुरानी पेंशन योजना लागू करने सहित कई मांगों को लेकर धरना दिया। राजस्थान शिक्षा सेवा प्राध्यापक संघ रेसला के जोधपुर संभाग के पदाधिकारियों ने जयपुर में विधानसभा के सामने धरना दिया संघ के जिलाध्यक्ष रूपसिंह जाखड़, जिला मंत्री सुरेश ड़ांगी के नेतृत्व में बाड़मेर से पदाधिकारियों ने भाग लिया।