- पुलिस ने तीन घंटे में उसे धरदबोचा
बालोतरा.
नगर में गुरुवार को दिन दहाड़े घर के बाहर बैठी बुजुर्ग महिला के गले से एक युवक सोने की चेन लेकर फरार हो गया। घटना की जानकारी पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीन घंटे से कम समय में उसे धर दबोचा और चेन बरामद की।
जानकारी अनुसार मेघवालों का घोरा स्थित मकान के बाहर गुरुवार मध्यान्ह करीब तीन बजे 70 वर्षीय झूमकदेवी सोनी बैठी थी। परिवार के सदस्य घर में थे। इस दौरान बाइक पर आए युवक ने इस महिला से किसी दूसरे के घर का पता पूछा। महिला के जानकारी नहीं होने की बात कहने के दौरान उसके भटके ध्यान पर युवक गले में से सोने की चेन लेकर फरार हो गया। महिला के चिल्लाने की आवाज पर घर से सदस्य बाहर आए तब तक युवक भाग गया।
घटना की सूचना मयंक सोनी ने तुंरत पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच आस पास के मकानों में लगे सीसी कैमरों को खंगाला। इस पर बाइक पर सरपट भागता युवक दिखाई दिया। इसके हुलिए के आधार पर इसके बारे में जानकारी प्राप्त की। नाम व पते की जानकारी पर पुलिस ने खोजबीन शुरू की।
चालाकी की, लेकिन पकड़ा गया -घटना को अंजाम देने के बाद बाइक सवार घर गया। घर से शर्ट बदला, जिससे की वह पकड़ में नहीं आए। शाम करीब 7 बजे वह मोटरसाइकिल पर सैकेण्ड रेलवे फाटक स्थित दीनदयाल उपाध्याय पार्क पहुंचा। यहां बाइक खड़ी कर कुछ दूर जा कर खड़ा हो गया। निगरानी रख रहे कांनिस्टेबल चेतन कुमार , धनश्याम, उदयसिंह ने उसे धरदबोचा।
पुलिस को किया सुर्पुद, चेन बरामद-
पुलिस के धरदबोचे के दौरान बालू उर्फ बालकिशन सकपका गया। उसने कहा कि उसका क्या जुर्म है। लेकिन पुलिस ने एक नहीं सुनी। उसे लेकर थाने पहुंची। जांच में उसके जेब में से सोने की चेन मिली। इस पर पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक नशे मेें था।