PM Kisan Samman Nidhi: बड़वानी के एक किसान के खाते में कई महीनों से पीएम किसान सम्मान निधि की राशि नहीं आ रही थी। किसान ने जब पोर्टल में चेक किया तो पाया कि वह मर चुका है।
PM Kisan Samman Nidhi: मध्य प्रदेश के बड़वानी में एक भौचक्का कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां सुखलाल बर्डे नाम के किसान के खाते में कई महीनों से पीएम सम्मान निधि (PM Kisan Samman Nidhi) की राशि नहीं आ रही थी। इसकी शिकायत जब किसान ने पीएम सम्मान निधि के पोर्टल पर की तो पता कि उन्हें तो मृत घोषित कर दिया गया है। अब सुखलाल बर्डे सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाकर खुद को जिंदा साबित करने की कोशिश में लगे हुए है।
ये मामला बड़वानी के पानसेमल के काला अंबा गांव का है। किसान सुखलाल बर्डे 16 मार्च 2021 से पीएम सम्मान निधि योजना में पंजीकृत है। पिछले 3 साल से उनके खाते में लगातार सम्मान निधि की राशि आ रही थी लेकिन पिछले कुछ महीनों से उनको राशि आना बंद हो गई। उन्होंने नवंबर 2024 में जब इस बारे में पता किया तो पता चला उनकी मृत्यु हो जाने के चलते उनके अकाउंट को इन एक्टिव कर दिया गया है जिसकी वजह से उनकी राशि आना बंद हो गई है।
खुद को मृत घोषित होता देख किसान सुखलाल ने 14 नवंबर को पानसेमल के तहसीलदार सुनील सिसोदिया को पीएम सम्मान निधि का पैसा दिए जाने के संबंध में आवेदन दिया। यहां तहसीलदार ने एक और चौका देने वाला खुलसा किया। उन्होंने कहा कि जब तक पोर्टल पर किसी व्यक्ति का डेथ सर्टिफिकेट अपलोड नहीं किया जाता है, तब तक उसका अकाउंट इन एक्टिव नहीं हो सकता है। तहसीलदार ने इस मामले की जांच कराने की बात तो कही है लेकिन पिछले एक महीने से सुखलाल सभी शासकीय दस्तावेजों को लेकर तहसील से लेकर एसडीएम ऑफिस के चक्कर काट रहे है।