बड़वानी

भगवान आदिनाथ का हुआ ध्वजारोहण, आज होगा मस्तकाभिषेक

सिद्ध क्षेत्र बावनगजा में शुरू हुआ दो दिवसीय वार्षिक मेले का आयोजन, 12 साल में एक बार होने वाले महाकुंभ की जा रही रिहर्सल, 2020 में होगा महाकुंभ का आयोजन, 15 लाख श्रद्धालु पहुंचेंगे

2 min read
Feb 02, 2019
For organizing annual fair in Siddha area, Bawangaja

खबर लेखन : मनीष अरोरा
ऑनलाइन खबर : विशाल यादव
बड़वानी. सिद्ध क्षेत्र बावनगजा में दो दिवसीय वार्षिक मेले का आयोजन शनिवार को ध्वजा रोहण के साथ हुआ। इस दौरान आचार्य विद्यासागर महाराज के शिष्य प्रमाण सागरजी तथा विराट सागर महाराज के सानिध्य में विधिविधान से ध्वजारोहण हुआ। वार्षिक मेले के प्रथम दिन बड़वानी के जिला एवं सत्र न्यायाधीश रामेश्वर कोठे द्वारा प्रमाण सागर व विराट सागर के सानिध्य तथा नितिन शास्त्री के उद्बोधन से ध्वजारोहण किया। इसके पूर्व सुबह नित्य, अभिषेक, शांतिधारा व पूजन हुआ। रविवार को भगवान आदिनाथ का महामस्तकाभिषेक का आयोजन होगा। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के गृहमंत्री बाला बच्चन विशेष तौर पर उपस्थित होंगे।
उल्लेखनीय है कि जैन समाज द्वारा सिद्ध क्षेत्र बावनगजा में 12 वर्ष अंतराल बाद भगवान आदिनाथ का महामस्ताभिषेक मेले का आयोजन होता है। ये आयोजन अगले वर्ष 2020 फरवरी में होना है। मुनि प्रमाण सागरजी महाराज ने वार्षिक मेले को अगले साल होने वाले महामस्ताभिषेक महाकुंभ के आयोजन के रिहर्सल के तौर पर आयोजित करने की सलाह दी थी। ध्वजारोहण के बाद दोपहर में महाराज के आहार के बाद 1.30 बजे नितिन शास्त्री मंडल विधान का पूजन संपन्न कराया। इस मौके पर विशेष न्यायाधीश दिनेशचंद्र थपलियाल, कुक्षी से आए न्यायाधीश संजय गुप्ता, डीएफओ लखनसिंह उईके, ट्रस्ट अध्यक्ष पवनकुमार दोशी, उपाध्यक्ष जितेंद्र जैन, महामंत्री राजप्रकाश पहाडिय़ा, कोषाध्यक्ष आरसी जैन, मेला संयोजक विनोद दोशी, जुगलकिशोर पाटनी सहित महिला मंडल, दिगंबर जैन युवा संघ व निमाड़-मालवा व विभिन्न स्थानों के समाजजन मौजूद थे।
पर्यटन मंत्री बघेल ने किया भगवान आदिनाथ के दर्शन
प्रदेश के नर्मदाघाटी विकास एवं पर्यटन मंत्री सुरेंद्रसिंह हनी बघेल ने शनिवार की शाम को विश्व प्रसिद्ध स्थल बावनगजा पहुंचकर जैन संत विद्यासागर महाराज के शिष्य प्रमाण सागर महाराज एवं विराट सागर महाराज के दर्शन किए। इसके बाद वे बावनगजा पहाड़ी पर पहुंचकर 8 4 फीट ऊंची भगवान आदिनाथ की प्रतिमा के दर्शन कर उनके चरणों में भी शीष नवाया। इस दौरान बघेल ने संतों के समक्ष बताया कि शीघ्र ही बावनगजा में भी प्रदेश सरकार की घोषणा अनुरूप गोशाला प्रारंभ कराई जाएगी। इस दौरान मीडिया के प्रश्नों का जवाब देते हुए पर्यटन मंत्री बघेल ने बताया कि संस्कृति विभाग के माध्यम से इस स्थल को पर्यटन क्षेत्र बनाने के प्रस्ताव का परीक्षण कराकर समुचित निर्णय लिया जाएगा। इस दौरान उनके साथ बावनगजा मेला संयोजक विनोद दोषी एवं जुगल किशोर पाटनी सहित बड़ी संख्या में समाज जन भी उपस्थित थे।
2009 में हुआ था महामस्तकाभिषे
जैन समाज के महाकुंभ का आयोजन 2020 में होना है। इसके लिए सिद्ध क्षेत्र बावनगजा ट्रस्ट द्वारा अभी से तैयारी की जा रही है। अनुमान लगाया जा रहा है कि महामस्तकाभिषेक के आयोजन में 15 लाख से ज्यादा श्रद्धालु बड़वानी पहुंचेंगे। साथ ही पर्यटकों के आने की संभावना भी है। पर्यटन के तौर पर क्षेत्र को विकसित करने के लिए पर्यटन मंत्री हनी बघेल ने भी ट्रस्ट के लोगों को आश्वासन दिया है। उल्लेखनीय है कि इसके पूर्व महामस्तकाभिषेक का आयोजन वर्ष 2009 में हुआ था। 40 दिन चले आयोजन में देशभर से 10 लाख से ज्यादा श्रद्धालु इसमें शामिल हुए थे।

Published on:
02 Feb 2019 07:50 pm
Also Read
View All