
जगन्नाथपुरी कॉलोनी पहुंची टीम (फोटो सोर्स: Patrika)
Barwani News :मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के सेंधवा में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा बुधवार को कारोबारी अशोक तायल और उनके परिवार से जुड़े ठिकानों पर छापामारी की है। ईडी की टीमों ने जगन्नाथपुरी कॉलोनी में स्थित उनके घर, पुराने एबी रोड स्थित मकान और वरला रोड स्थित राजराजेश्वर जिनिंग फैक्ट्री पहुंचकर छापामार कार्रवाई की है।
मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने सेंधवा में जारी ईडी की इस कार्रवाई की पुष्टि की है। हालांकि, ये कार्रवाई किस मामले में और किन दस्तावेजों की जांच के लिए की जा रही है, इस बारे में अबतक आधिकारिक तौर पर कोई अपडेट सामने नहीं आया है। सूत्रों की मानें तो मामला राजराजेश्वर वेंचर्स से जुड़े करोड़ों रुपए के लोन से जुड़ा होने की संभावना है। 8 महीने पहले तायल ब्रदर्स से जुड़े ठिकानों पर सीबीआई द्वारा भी कार्रवाई की गई थी।
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 6 बजे से तायल बंधुओं के अलग-अलग ठिकानों पर टीम ने दबिश दी गई है। बंद कमरों में टीम द्वारा जांच की गई। दोपहर 2 बजे एक टीम वरला रोड स्थित राजराजेश्वर वेंचर्स के परिसर से बाहर निकली।
आपको बता दें कि, तायल ब्रदर्स सेंधवा के बड़े कपास व्यापारी और उद्योगपति हैं। वे कपास की जिनिंग फैक्ट्रियां चलाते हैं। इसके अलावा महाराष्ट्र समेत देश के अन्य राज्यों में भी इनके कई कारोबार हैं। शहर से करीब 10 कि.मी दूर निमाड़ एग्रो पार्क भी तायल बंधु ही चलाते हैं।
बुधवार को जिन कारोबारियों पर ईडी ने छापामार कार्रवाई की है उनपर आठ महीने पहले केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी सीबीआई ने नाबार्ड बैंक भोपाल से जुड़े 13 करोड़ रुपए के कथित लोन धोखाधड़ी मामले में कार्रवाई की थी। सीबीआई टीम ने पुलिस बल के साथ शहर की जगन्नाथपुरी कॉलोनी स्थित उद्योगपति अशोक तायल के निवास समेत तायल बंधुओं के विभिन्न ठिकानों पर दबिश दी थी। तब कोलकाता स्थित सीबीआई इकाई ने इनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। सीबीआई ने 8 जनवरी को दर्ज एफआईआर के अनुसार, निमाड़ एग्रो पार्क के संचालक अर्पित राजेंद्र कुमार तायल, निकुंज गिरधारीलाल तायल, अशोक बिहारीलाल तायल और अंकित गिरधारीलाल तायल सहित कुछ अज्ञात सरकारी कर्मचारियों पर धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश और दस्तावेजों की जालसाजी के गंभीर आरोप हैं।
Updated on:
09 Sept 2026 04:54 pm
Published on:
09 Sept 2026 04:54 pm
