15 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

MP के इन आदिवासी वीरों से कांपती थी अंग्रेजी हुकूमत, धोखे से पकड़कर भेजा था कालापानी

Janjatiya Gaurav Diwas: निमाड़ में आदिवासी योद्धाओं ने अंग्रेजी हुकूमत की नींद उड़ा दी थी। तीर-कमान से लड़ी गई उनकी जंग और बलिदान की कहानियां आज भी इतिहास में दर्ज हैं।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

बड़वानी

•

image

Akash Dewani

•

Updated: 15 Nov 2026, 12:01 PM IST

bhil tribal freedom fighters history janjatiya gaurav diwas

Janjatiya Gaurav Diwas: आदिवासी वीरों से कांपती थी अंग्रेजी हुकूमत (फोटो सोर्स- Patrika)

Bhil Tribal Freedom Fighters: नर्मदा के तट, सतपुड़ा की पहाड़ियों और निमाड़ के घने जंगलों में आजादी की ऐसी चिंगारी सुलगी थी, जिसने ब्रिटिश हुकूमत को चुनौती दी। यह संघर्ष जल, जंगल, जमीन और आदिवासी समाज के स्वाभिमान की रक्षा के लिए था। भील योद्धाओं ने सीमित संसाधनों और पारंपरिक हथियारों के सहारे अंग्रेजी सेना से लंबे समय तक लोहा लिया। जनजातीय गौरव दिवस (Janjatiya Gaurav Diwas) इन गुमनाम क्रांतिकारियों के शौर्य और बलिदान को याद करने का अवसर है।

धाबाबावड़ी के नायक ने अंग्रेजों को छकाया

रीवा विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ. एसएन यादव के अनुसार, 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के दौरान निमाड़ में एक भील क्रांतिकारी ने अंग्रेजी शासन के खिलाफ मोर्चा खोला था। उसे निमाड़ का रॉबिनहुड कहा जाता है। माता सुरसी बाई से उसे ब्रिटिश सत्ता के खिलाफ संघर्ष की प्रेरणा मिली थी। बड़वानी रियासत ने गोई घाटी में शांति व्यवस्था के लिए उसे 50 धनुर्धारी सेवकों की जिम्मेदारी सौंपी थी। इसके बदले 38 रुपए मासिक मानदेय मिलता था। उसके पास न आधुनिक हथियार थे और न बड़ी सेना। तीर-कमान, भाले और जंगलों की भौगोलिक जानकारी के सहारे वह छापामार युद्ध शैली अपनाकर अंग्रेजी टुकड़ियों को चुनौती देता रहा।

1862 तक जारी रहा प्रतिरोध

उत्तर भारत में अंग्रेजी शासन मजबूत होने के बाद भी निमाड़ में उसका संघर्ष 1862 तक जारी रहा। अंग्रेजों ने विद्रोहियों की मदद करने वाले आदिवासियों को बिरादरी से बहिष्कृत करने की चेतावनी दी, लेकिन समाज ने साथ नहीं छोड़ा। अंततः धोखे से गिरफ्तार कर उसे अंडमान की कालापानी जेल भेज दिया गया। 29 दिसंबर 1876 को पोर्ट ब्लेयर में उसका निधन हुआ। उसके भाई शिवा पांचपुला गांव में रहते थे। चचेरे भाई ऊमदा और मौवासा को भी रियासत से 25-25 रुपए मासिक मानदेय मिलता था।

टंट्या भील बने गरीबों के मसीहा

निमाड में टंट्या भील को आज भी टंट्या मामा के नाम से याद किया जाता है। अंग्रेजी वन कानूनों, लगान, बेगारी और साहूकारों के शोषण के खिलाफ उन्होंने विद्रोह किया। लोकगाथाओं के अनुसार, वह शोषकों से धन लेकर जरूरतमंदों की मदद करते थे। इसी कारण उन्हें जंगल का रॉबिनहुड कहा गया। करीब 12 वर्षों तक अंग्रेजी शासन को चुनौती देने के बाद वे छलपूर्वक पकड़े गए और उन्हें फांसी दे दी गई।

खाज्या नायक सहित सैकड़ों वीरों ने लिया हिस्सा

1857 के दौरान खाज्या नायक सहित अनेक भील योद्धाओं ने अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष किया। सेंधवा, सिलावद, पानसेमल और राजपुर में सरकारी चौकियों पर हमले हुए। थानों और खजानों को निशाना बनाकर अंग्रेजी शासन को चुनौती दी गई। अनेक सेनानियों के नाम इतिहास में वर्ज नहीं हो सके, लेकिन उनका योगदान लोकस्मृतियों में आज भी जीवित है।

गोलबैड़ी की गुफा में छिपी है संघर्ष की कहानी

अंजड़ से करीब पांच किलोमीटर दूर पलासिया (सजवाय) के पास स्थित गोलबैड़ी की गुफा इस संघर्ष की महत्वपूर्ण धरोहर मानी जाती है। बताया जाता है कि क्रांतिकारी यहां छिपकर अंग्रेजों से मुकाबले की रणनीति बनाते थे। गुफा से बजने वाले नगाड़े की आवाज कई किलोमीटर दूर धाबाबावड़ी तक सुनाई देती थी। यहां से पास के खेत की बावड़ी तक सुरंग होने की भी स्थानीय मान्यता है। जनजातीय गौरव दिवस पर क्षेत्रवासियों ने गोलबैड़ी की गुफा और धाबाबावड़ी जैसी ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण की मांग उठाई है, ताकि नई पीढ़ी आदिवासी वीरों के संघर्ष, साहस और बलिदान से परिचित हो सके।