राज्यपाल और मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से आम जनता को बड़ी सौगात की आस है। सालों से विकास की बाट जोह रहा डही के 30 बिस्तर अस्पताल में डाक्टरों का टोटा है, डिजिटल एक्सरे-सोनोग्राफी का काम भी अधूरा है। डेढ़ लाख ग्रामीणों की स्वास्थ्य सुविधाओं का जिम्मा संभालने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डही में नियमित एवं विशेषज्ञ डाक्टरों की कमी लंबे समय से चिंता का विषय बनी हुई है। महिला चिकित्सक,डिजिटल एक्सरे और सोनोग्राफी जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं भी वर्षों से होने का इंतजार कर रही हैं। मरीजों को छोटी-बड़ी जांच और बेहतर उपचार के लिए कुक्षी, बड़वानी, इंदौर, दाहोद (गुजरात) एवं अन्य शहरों की ओर जाना पड़ता है। क्षेत्रवासियों को आशा है कि मुख्यमंत्री इस अवसर पर डही की वर्षों से लंबित मूलभूत समस्याओं पर भी गंभीरता से ध्यान देंगे और क्षेत्र को विकास की बड़ी सौगात मिलेगी। डही क्षेत्र को तहसील मुख्यालय बने लगभग 17 वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन बुनियादी सुविधाओं में यह क्षेत्र बेहद पिछड़ा हुआ है। डेढ़ लाख से अधिक ग्रामीण आबादी आज भी उच्च शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य , रोजगार और औद्योगिक विकास जैसी मूलभूत सुविधाओं की उम्मीद लगाए बैठी है। इतने वर्षों में न तो डही में शासकीय महाविद्यालय की स्थापना हो सकी और न ही छोटे- बड़े उद्योग लग पाए हैं।