
बड़वानी. मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के जंगल में ज्वालामुखी के लावे से बने पिंड मिलने का दावा किया जा रहा है। जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया के पूर्व अधिकारी ने लावे से बने बेसाल्ट पिंड मिलने का ये दावा किया है. दरअसल यहां 10 अंडाकार चट्टानें मिली हैं जिन्हें इंदौर के पुरातत्वविद डायनासोर के अंडे बता रहे हैं. जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया के पूर्व डिप्टी डायरेक्टर जनरल और पुराजीव शास्त्री डॉ. धनंजय मोहबे ने पुरातत्व विभाग के दावे को पूर्णत: खारिज कर दिया है।
जियोलॉजिकल एक्सपर्ट का स्पष्ट मत है कि ये लावे से बने बेसाल्ट पिंड हैं. जिले के सेंधवा विकासखंड की वरला तहसील में ये चट्टानें मिली हैं. पुरातत्व विभाग ने यहां 30 जनवरी से प्राचीन प्रतिमाओं, किले आदि का पुरातात्विक सर्वे शुरू किया था। इस दौरान 5 फरवरी को वन विभाग के अमले के साथ वरला तहसील के हिंगवा गांव के पास जंगल में अंडाकार चट्टानों की जांच की। जांच के बाद दावा किया गया कि ये डायनासोर के अंडे हैं।
विभागीय अधिकारी के अनुसार इस तरह के 10 अंडे मिले हैं। सबसे बड़े अंडे का वजन करीब 40 किलो है जबकि अन्य करीब 25 किलो तक के हैं। तीन अंडों को इंदौर के संग्रहालय में रखा जाएगा। वन विभाग के सेंधवा और बलवाड़ी एसडीओ संदीप वास्कले ने भी इस तथ्य की पुष्टि करते हुए बताया कि कुछ दिन पहले पुरातत्व विभाग की टीम यहां से अंडे लेकर गई। उन्होंने जीवाश्म के डायनासोर के अंडे होने की जानकारी दी।
एसडीओ के अनुसार दो साल पहले भी पुरातत्व विभाग की टीम को वरला रेंज के हिंगवा के पास जंगल में अंडे मिले थे। उस समय वे कुछ अंडे लेकर गए थे। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में और भी जीवाश्म हो सकते हैं, इसलिए संबंधित क्षेत्र को संरक्षित करने के निर्देश कर्मचारियों को दिए हैं। यहां फॉसिल पार्क बनाने की योजना बनाई जा रही है।
इस बीच जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया के पूर्व डिप्टी डायरेक्टर जनरल और पुराजीव शास्त्री डॉ. धनंजय मोहाबे का बयान सामने आया है. उनका कहना है कि ये अंडाकार पिंड बेसाल्ट चट्टान की है। ये ज्वालामुखी के लावे से बने बेसाल्ट पिंड हैं। यह डायनोसोर के अंडे के आस पास भी नहीं है। उन्होंने कहा कि उक्त संरचनाएं अलग-अलग आकार की हैं।
उन्होंने कहा कि इसमें 'ओनियन पील स्ट्रक्चर' (प्याज के छिलके नुमा कवच) पैदा हो जाते हैं। उन्होंने बताया कि हमारी रिसर्च में पाया गया है डायनोसोर अपने अंडे नदी या रेत वाले स्थान पर देते थे. उन्होंने यह भी बताया कि डायनासोर के अंडे को पहचानना चैलेंजिग रहता है।