बस्सी

लॉकडाउन—3 में शर्त छूट, शाहपुरा में बाजार में लौटी रौनक

-सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने के लिए पुलिस रही तैनात

less than 1 minute read
May 05, 2020
लॉकडाउन—3 में शर्त छूट, शाहपुरा में बाजार में लौटी रौनक

शाहपुरा. कोरोना संक्रमण के चलते लॉकडाउन-3 फेज में शर्त छूट के बाद मंगलवार को 42 वें दिन शाहपुरा में सरकार की एडवाइजरी की पालना के तहत दुकानें खोली गई। इससे करीब डेढ़ माह सन्नाटे में रहे बाजार में दोपहर 12 बजे तक चहल-पहल नजर आई। लम्बे समय बाद मार्केट खुलने से ग्राहकों ने राहत की सांस ली। वहीं सड़कों पर भी आवाजाही अन्य दिनों से ज्यादा दिखी। कुछ लोग बिना मास्क लगाए भी घूम रहे थे। दुकानदारों ने काफी मशक्कत के साथ दुकानों की सफाई की। निर्धारित समय पर खुली दुकानों के आगे बनाए गोलों में खड़े होकर ग्राहकों ने सामान खरीदा। वहीं व्यापारी भी सजग नजर आए। रियायत के साथ सुबह 8 बजे खोली गई दुकानों को व्यापारियों ने निर्धारित समय 12 बजे से पहले ही बंद कर दी। बाजार में पुलिस ने गश्त कर समझाइश की।

मयखानों पर पुलिस रही तैनात

लॉकडाउन के थ्री फेज में जर्दा, तम्बाकू, सैलून, टी स्टॉल, रेस्टोरेंट्स, मीट दुकानें, कोचिंग सेंटर, ब्यूटी पार्लर की दुकानों सहित सभी कॉम्पलेक्सों को बंद रखा गया। इसके अलावा रेडिमेट, कपड़ा, ज्वैलरी, फैंसी स्टोर सहित अन्य सामानों की दुकाने खुली रही। धानोता को छोड़कर क्षेत्र में शराब की दुकानें भी सुबह 10 से शाम 6 बजे तक खोली गई। शराब की दुकानों पर नगरपालिका क्षेत्र में आबकारी पुलिसकर्मी तैनात रहे।

सुबह 7 से 7 शाम तक ये खुली

पहले की तरह अति आवश्यक सेवाओं की दुकानें सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक खुली रही। वहीं अब सब्जी मंडी में सुबह 3 बजे से 6 बजे के अतिरिक्त शाम को भी किसानों को अपनी सब्जी लाने की छूट दी गई। इसके अलावा हाइवे पर पंचर, रिपेयरिंग शॉप, टायर,पंचर रिपेयरिंग आदि की दुकानें सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक खोली गई।

Published on:
05 May 2020 10:22 pm
Also Read
View All