बस्सी

सरकारी स्कूलों में विकास के नाम पर करोड़ों खर्च, फिर भी नौनिहालों को पीने का पानी तक नहीं मिल रहा, घरों से बच्चे लाते हैं बोतलों में पानी

बस्सी तहसील के झर व सुमेल की दो सरकारी स्कूलों में नहीं पानी का प्रबंध
3 min read
• •
Updated: 4 Apr 2018, 6:00 PM IST
Children looking for water in government school


बस्सी (जयपुर)। सरकारी स्कूलों में विकास के नाम पर करोड़ों रुपए खर्च करने के बावजूद नौनिहालों को पीने का पानी तक नहीं मिल रहा है। इससे बस्सी पंचायत समिति की सरकारी स्कूलें भी अछूती नहीं हैं। क्षेत्र की झर ग्राम पंचायत में ढोलकी ढाणी के राजकीय उच्च प्राथमिक विधालय एवं सुमेल ग्राम पंचायत के बल्लूपुरा स्थित राजकीय प्राथमिक विधालय में बच्चों को घरों से बोतलों में पानी लाना पड़ रहा है।

जानकार सूत्रों के अनुसार झर ग्राम पंचायत की ढोलकी ढाणी में दूधली-सुजानपुरा-झर रोड पर राजकीय उच्च प्राथमिक विधालय संचालित है। स्वीकृत प्रधानाध्यापक समेत छह शिक्षकों में से डेढ़ साल से प्रधानाध्यापक सहित अन्य पद रिक्त है। विधालय मात्र तीन अध्यापिकाओं के भरोसे चल रहा है। सरकार के जिम्मेदार अधिकारियों एवं कार्मिकों की अनदेखी के चलते पर्याप्त मात्रा में स्टाफ नहीं लगाने एवं पेयजल सुविधा सुलभ नहीं करवाने से नामांकन दिन-प्रतिदिन गिरता जा रहा है। हालत यह है कि वर्तमान में यहां सिर्फ 33 बच्चे नामांकित हैं। खुद शिक्षिकाएं मानती हैं कि यदि सरकार ने जल्द ही इस स्कूल पर ध्यान नहीं दिया तो ये बच्चे भी स्कूल छोड़ जाएंगे और स्कूल बंद हो जाएगी।

स्टाफ भी परेशान
अध्यापिकाओं ने बताया कि विधालय परिसर में लगा हैण्डपम्प नकारा हो चुका है। इसे जनसहयोग से गहरा भी करवाया गया, लेकिन कोई नहीं समाधान निकला। बीसलपुर पेयजल परियोजना के तहत भी कोई पॉइंट यहां नहीं लगा। हालात ये हैं कि बच्चों को घरों से बोतलों में पानी लाना पड़ता है। स्टाफ ने माना कि वे भी पानी नहीं होने पर बच्चों की बोतलों से पानी पीती हैं। बच्चों ने बताया कि वे सुबह स्कूल आते वक्त बोतलों में पानी लाते हैं और अर्ध अवकाश होने पर घरों से फिर पानी भर लाते हैं।

पोषाहार के बर्तन धोने की समस्या
पानी नहीं होने के कारण स्कूल में पोषाहार खाने के बाद बर्तनों को धोने के लिए पानी नहीं है। बच्चे बोतलों में बचे पानी से ही इसे धोते हैं। इससे बर्तनों में गंदगी रहने की संभावना रहती है। जानकारों की मानें तो गंदे बर्तनों में खाना खाने से बच्चे बीमार तक हो सकते हैं, लेकिन इसकी परवाह जिम्मेदारों को नहीं है।

सूख गए पेड-पौधे
विधालय प्रशासन की मानें तो वर्ष 2012-13 में परिसर में घास एवं पौधे लगाकर शानदार बगीचा तैयार किया गया था। पौधे बड़े भी हो गए, लेकिन वर्तमान में विद्यालय में पानी नहीं होने से घास सूखकर नष्ट हो चुकी है। कई पौधे नष्ट हो गए तो कई सूखने के कगार पर हैं। यदि जल्द ही पौधों को पानी नहीं मिला तो ये भी नष्ट हो जाएंगे। विधालय की अध्यापिका कांता बारहठ व शिबा अख्तर का कहना है कि पानी नहीं होने का असर नामांकन पर पड़ रहा है।

बल्लुपुरा में भी पेयजल संकट
बस्सी पंचायत समिति की सुमेल ग्राम पंचायत के बल्लुपूरा गांव में संचालित राजकीय प्राथमिक विधालय में भी पेयजल समस्या है। विधालय परिसर में लगे ट्यूबवैल का जलस्तर नीचे गिरने से पेयजल समस्या बनी हुई है। हैण्डपम्प भी खराब है। स्थिति यह है कि यहां लगे ट्यूबवैल का मीटर बॉक्स जर्जर स्थिति में है। टंकी का कोई उपयोग नहीं हो रहा है। बच्चों को घरों से पानी लाना पड़ रहा है। विधालय की शिक्षिका माया देवी का कहना है कि ग्राम पंचायत के सरपंच को पेयजल व्यवस्था करवाने के लिए पत्र लिखा है।

Published on: