बस्सी

राजस्थान पत्रिका सर्वे : बस्सी की जनता सरकार व विधायक से संतुष्ट नहीं, प्रदेश में भाजपा सरकार का कार्यकाल पूरा होने में चंद महीने बचे

बस्सी विधानसभा क्षेत्र के 65 फीसदी लोगों ने वर्तमान सरकार के खिलाफ राय व्यक्त की
2 min read
• •
Updated: 1 Apr 2018, 8:57 PM IST
rajasthan-patrika-survey

बस्सी (जयपुर)। प्रदेश में भाजपा सरकार का कार्यकाल पूरा होने में चंद महीने बचे हैं। राजनीतिक पार्टियां बस्सी विधानसभा क्षेत्र में पुरजोर तरीके से चुनाव लडऩे की तैयारियां शुरू कर चुके हैं। सत्ता पक्ष विकास कार्यों के नाम पर फिर से वोट मांगने जनता के बीच जाएगा तथा विपक्ष सरकार की नाकामियों को जनता के सामने रखकर समर्थन देने का आह्वान करेगा। इन सभी मुद्दों के मद्देनजर राजस्थान पत्रिका ने बस्सी विधानसभा क्षेत्र की जनता में जाकर सर्वे किया तो 75 प्रतिशत लोगों ने क्षेत्रीय विधायक से तथा 65 फीसदी लोग वर्तमान सरकार से संतुष्ट नजर नहीं आए।

READ NEWS : राजस्थान पत्रिका सर्वे : जयपुर के शाहपुरा विधानसभा में 60 फीसदी लोग सरकार से नाखुश, सक्रिय और बेहतर सरकार चाहती है जनता

45 ने विधायक के उम्मीदों पर खरा उतरने की राय दी ओर 155 ने नकारा
यदि विधानसभा वार सर्वे रिपोर्ट पर बात करें तो बस्सी विधानसभा क्षेत्र के 65 फीसदी लोगों ने वर्तमान सरकार के खिलाफ राय व्यक्त की। वहीं निर्दलीय विधायक अंजू खंगवाल के बारे में 75 फीसदी लोगों ने दूसरे व्यक्ति को मौका देने की बात कही। बस्सी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों के 200 लोगों से किए गए सर्वे में 45 लोगों ने बस्सी विधायक के उम्मीदों पर खरा उतरने की राय दी तो 155 लोगों ने ना में जवाब दिया। 150 लोगों ने माना कि विधायक जनता के सुख-दुख में काम नहीं आती है। पुन: चुनाव मैदान में उतरने पर 140 लोगों ने वर्तमान विधायक को वोट नहीं देने की बात की। 162 लोगों का मत है कि बस्सी क्षेत्र की जनता चाहती है तो इस बार विधायक दूसरा बने।

सरकार से खफा फिर भी भाजपा को दुबारा मौका देने की बात
सर्वे में सामने आया कि 200 में से 130 लोग सरकार के काम से संतुष्ट नजर नहीं आए। 117 लोगों ने उम्मीदों पर खरा उतरना नहीं बताया तो 110 लोगों ने सरकार को दुबारा मौका नहीं देने की राय दी। सरकार बदलने की बात पर 125 लोगों ने सहमति जताई। खास बात ये है कि भाजपा और सरकार के बारे में जानकारी मांगने पर 127 लोगों ने राय दी कि भाजपा उम्मीदों के अनुरूप सरकार नहीं चला पाई। वहीं 144 लोगों का मत है कि भाजपा का अपनी सरकार पर नियंत्रण नहीं रहा। खास बात ये है कि 200 में से 78 लोगों ने भाजपा सरकार को कांग्रेस सरकार से बेहतर बताया। भाजपा को दुबारा मौका देने की बात पर 128 लोगों ने नहीं में जवाब दिया।

विपक्ष भी नहीं निभा पाया भूमिका
सर्वे में 65 फीसदी लोग मानते है कि कांग्रेस विपक्ष की भूमिका नहीं निभा पाई है। 105 लोगों ने माना कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को लेकर सक्रिय भी नहीं रही। हां, ये जरूर है कि 126 लोगों ने चाहा कि इस बार कांग्रेस की सरकार बने। 130 लोग तो यह भी कहते हैं कि कांग्रेस की सरकार भाजपा से अच्छी थी। तीसरे मोर्च को यहां की जनता ने सर्वे में नकार सा दिया।

Published on: