
शाहपुरा/राड़ावास (जयपुर)। मातृ व शिशु मृत्युदर कम करने और संस्थागत प्रसव बढ़ाने को लेकर ग्रामीण क्षेत्र में खोले गए प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र तो नवजात की किलकारी सुनने को तरस ही रहे है, सरकार की ओर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए घोषित की गई आदर्श पीएचसी भी प्रसव के मामले में फिसड्डी साबित हो रही है।
लेबर रूम तक तैयार नहीं हुए
जिले की कई आदर्श पीएचसी में प्रसव सुविधा तो दूर अभी तक लेबर रुम तक नहीं बने हैं। ऐसे में आदर्श का तमगा देने के लिए लाखों रुपए खर्च करने के बावजूद गर्भवती महिलाओं को प्रसव के लिए कई किमी दूर बड़े अस्पतालों की ओर रुख करना पड़ रहा है। वहीं, इसका दबाव सभी ब्लॉक की सीएचसी पर पड़ रहा है। शाहपुरा में तो 24 घंटे दबाव बना रहता है। शाहपुरा ब्लॉक में तो चार में से तीन आदर्श पीएचसी राडावास, धानोता व धवली को आदर्श घोषित करने के सालभर बाद भी लेबर रूम तक तैयार नहीं हुए हैं। तीनों जगह लेबर रूम के लिए 30 लाख की राशि स्वीकृत हो चुकी है, लेकिन अभी तक तीनों ही जगह निर्माणाधीन है।
प्रसव के लिए जाना पड़ता है 20 किमी दूर
क्षेत्र की राडावास, धवली व धानोता में प्रसव सुविधा नहीं होने से क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को प्रसव के लिए करीब 20 किमी की दूरी तय कर चौमूं या शाहपुरा सीचसी जाना पड़ता है। शाहपुरा सीएचसी की इतनी ही दूर है। तीनों ही जगह प्रसव कक्ष व लेबर टेबल की सुविधा नहीं है। वहीं, आदर्श पीएचसी साईवाड़ में संसाधन तो है, मगर चिकित्सक नहीं हैं। जिससे यहां भी प्रसव का आंकड़ा एक से आगे नहीं बढ़ रहा है।
कोटपूतली व विराटनगर में भी हाल ठीक नहीं
शाहपुरा के अलावा कोटपूतली व विराटनगर ब्लॉक की आदर्श पीएचसी में भी यहीं हाल है। कहीं चिकित्सक नहीं है, तो कहीं प्रसव के लिए लेबर रूम नहीं बने। अधिकांश जगह एएनएम व एलएचवी के पद रिक्त हैं। ब्लॉक चिकित्सा अधिकारियों की ओर से बार-बार अवगत कराने के बावजूद विभागीय अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे। जबकि संसाधन उपलब्ध होने पर ही पीएचसी में प्रसव हो सकते हैं और ग्रामीण क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को राहत मिल सकती है।
सीएचसी में बढ़ रहा दबाव
इधर, अधिकांश जगह पीएचसी में प्रसव नहीं होने से शाहपुरा, विराटनगर समेत सभी जगह सीएचसी में दबाव बढ़ रहा है। शाहपुरा सीएचसी में तो माह करीब सौ से 150 डिलेवरी होती है।
इनका कहना है
सुविधा उपलब्ध कराने के लिए विभाग के अधिकारियों को पत्र लिखा है। रिक्त पद भरने के लिए भी प्रयास किया जा रहा है। तीनों आदर्श पीएचसी में लेबर रूम का निर्माण होते ही प्रसव सुविधा शुरू होगी।
डॉ. मोहित माथुर, बीसीएमओ, शाहपुरा
पीएचसी में प्रसव नहीं होने से सीएचसी में दबाव रहता है। शाहपुरा सीएचसी में तो 24 घंटे दबाव बना रहता है। मरीजों के दबाव के अनुपात में यहां स्टाफ की कमी है। यदि सीएचसी में स्टाफ बढ़ा दिया जाए तो राहत मिल सकती है।
डॉ. ए.एल.अग्रवाल, प्रभारी, सीएचसी, शाहपुरा