बस्सी

सेप्टपुरा गांव में आखिर क्यो मर रहे है मोर, अब तक करीब तीन दर्जन से अधिक की हो चुकी मौत, कारणों का पता नहीं

12 दिन 39 मोरों की मौत
2 min read
• •
Updated: 4 Apr 2018, 7:02 PM IST
national bird peacock death cases increase in Septpura jaipur

मनोहर व्यास
राड़ावास (जयपुर)। नयाबास ग्राम पंचायत क्षेत्र के सेप्टपुरा गांव में मोरों की मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बारह दिन में करीब तीन दर्जन से अधिक मोरों की मौत हो चुकी है। वन विभाग, पक्षी विशेषज्ञ एवं पशुपालन विभाग के आला अधिकारी गांव का दौरा कर चुके हैं, लेकिन अभी तक मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पशुपालन विभाग अंधेरे में ही 'तीरÓ मार रहा है। पोस्टमार्टम में भी मौत के कारणों का पता नहीं चल पाने के कारण दाना-पानी की व्यवस्था कर इतिश्री की जा रही है।

जांच रिपोर्ट का इंतजार
वन विभाग ने पशुपालन विभाग से मौके पर एवं पांच बत्ती, जयपुर स्थित चिकित्सालय में भी मृत मोरों का अलग-अलग टीमों से पोस्टमार्टम करा लिया, लेकिन कारणों का पता नहीं चल पाया है। वन विभाग ने इज्जत नगर, बरेली एवं जालंधर भी सेम्पल भिजवा दिया, लेकिन अभी जांच रिपोर्ट नहीं आई है।

...तो मरते रहेंगे मोर
मोरों की मौत का सिलसिला 22 मार्च से शुरू हुआ था और अभी भी जारी है, लेकिन चाहकर भी पशुपालन एवं वन विभाग कुछ नहीं कर पा रहा है। ऐसे में जब तक जांच रिपोर्ट आएगी, तब तक मोरों की मौत बंद होना असंभव ही प्रतीत हो रहा है। गौरतलब है कि रविवार को पशुपालन विभाग के अतिरिक्त निदेशक डॉ. प्रकाश भाटी, संयुक्त निदेशक डॉ.जेआर बैरवा की टीम ने भी सेप्टपुरा का दौरा कर मोरों की मौत के कारणों का पता लगाने की कोशिश की थी,लेकिन सफलता नहीं मिली।

दिनांक मृत मोर
22 मार्च 9
23 मार्च 3
24 मार्च 2
26 मार्च 8
27 मार्च 3
28 मार्च 2
31 मार्च 10
02 अप्रेल 02

इनका कहना है
एक बार बरेली सेम्पल देकर आ चुका हूं। दोबारा फिर जा रहा हूं। जालंधर भी सेम्पल भेजा गया है, लेकिन अभी रिपोर्ट नहीं मिली है। फिलहाल परिंडों में शुद्ध पानी एवं दाना डलवाया जा रहा है। पशुपालन विभाग की टीम भी मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
रघुवीर मीणा, रेंजर, शाहपुरा

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कुछ भी सामने नहीं आया है।
डॉ.ओ.पी.जाखड़,पशु चिकित्सक, अमरसर

गांव का दौरा कर मौका देखा था। सेम्पल जांच के लिए बरेली एवं जालंधर भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। ग्रामीणों से बातचीत की थी, लेकिन स्पष्ट तौर पर कुछ भी सामने नहीं आया है।
डॉ.प्रकाश भाटी, अतिरिक्त निदेशक, पशुपालन विभाग, जयपुर

Published on: