
बांसखोह (जयपुर)। वन विभाग वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर भले ही लाख दावे करे लेकिन दो दिन में जयपुर जिले में दो पेंथरों की मौत इनके दावों की पोल खोलती नजर आ रही हैं। भोजन,पानी की तलाश में आबादी में घुस रहे पैंथर मौत का शिकार बन रहे हैं। आंतेला में दो दिन पूर्व आबादी में घुसे पैंथर की मौत के बाद बांसखोह फाटक पर भी ट्रेन की चपेट में आने से पैंथर की मौत हो गई।
बांसखोह फाटक के पास सोमवार देर रात रेलवे लाइन पर ट्रेन की चपेट में आने से एक मादा पैंथर की मौत हो गई। रेलवे लाइन से 50 मीटर की दूरी पर ही जयपुर आगरा राजमार्ग भी गुजर रहा हैं। मंगलवार सुबह जब लोग टहलने निकले तो उन्हें रेल्वे लाइन पर 3 वर्षीय मादा पैंथर दो टुकड़ों में कटा नजर आया। इस पर लोगों ने इसकी सूचना वन विभाग के कर्मचारियों को दी। इस मौके पर नईनाथ वन नाका प्रभारी सीताराम मीना, वनकर्मी कजोड़ मीना, रामनारायण मीना घटनास्थल पर पहुंचकर उच्चाधिकारियों को जानकारी दी।
इस पर सूचना पर वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। करीब दो घंटे बाद पहुंचे रेंजर ने पंचनामा कराकर पैंथर के शव को कब्जे में लिया। पैंथर के शव का बस्सी पशु चिकित्सालय में मेडिकल टीम से पोस्टमार्टम कराकर शव को कानोता नर्सरी में दफना दिया।
बस्सी रेंजर सीताराम मीना ने बताया कि संभवतया झर के पहाडी इलाके से पेंथर रात के समय शिकार या पानी की तलाश में झर गांव की ओर चला आया। इस दौरान रेलवे ट्रेक पर आने से वह ट्रेन की चपेट में आ गया। मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार पैंथर अभी युवा मादा थी। एक बार भी गर्भधारण नहीं किया।